राजीव गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे अखिल भारतीय बास्केटबाल टूर्नामेंट में शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में इंडियन रेलवे की टीम ने इन्कम टैक्स की टीम को हराकर फाइनल में जगह बना ली। अब शनिवार को फाइनल मैच खेला जाएगा।
सेमीफाइनल मैच में इंडियन रेलवे की टीम ने इन्कम टैक्स चेन्नई की टीम को 89-63 अंकों से करारी शिकस्त दी। इंडियन रेलवे ने पहले राउंड में 22-11 की बढ़त बना ली। लेकिन दूसरे राउंड में इन्कम टैक्स चेन्नई की टीम ने वापसी करते हुए इस दूरी को 42-37 अंकों तक समेट दिया। बाद में रेलवे 26 अंकों से विजयी घोषित हुआ। इंडियन रेलवे के सोमवीर ने 21, गगन ने 20, हिमांशु ने 16 अंक किए। वहीं, इन्कम टैक्स चेन्नई की टीम के खिलाड़ी अकिलन परी ने 23, रघुराम ने 14 अंक किए।
बचपन में कई खेल खेले, अब गोल्फ खेलता हूं : नजीब जंग
रोहतक। राजीव गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे अखिल भारतीय बास्केटबाल टूर्नामेंट में शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रोहतक में इस तरह के टूर्नामेंट का होना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में खेल बहुत जरूरी है। इससे जहां खुद का शरीर अच्छा रहता है वहीं खिलाड़ी देश के लिए पदक भी जीतते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन के दिनों में मैंने फुटबाल, क्रिकेट, टेबल टेनिस आदि खेलता था, लेकिन अब सप्ताह में गोल्फ जरूर खेलता हूं।
उपराज्यपाल ने कहा कि आज खेलों की जगह लोग बच्चों पर पढ़ाई का बोझ ज्यादा डालते हैं। क्योंकि वह अपने बच्चों को इंजीनियर बनाना चाहते है, लेकिन जीवन में खेल बहुत जरूरी है। उससे एकाग्रता बढ़ती है तो जीवन व्यवस्थित हो जाता है। हर इंसान को कम से कम एक खेल में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने रोहतक जिले के किलोई गांव के लिए कहा कि वहां से काफी अच्छे खिलाड़ी निकले हैं। इस दौरान टूर्नामेंट के आयोजन सचिव सुधीर हुड्डा, सचिव एडवोकेट नवनीत, सीटीएम महेंद्र पाल, हुडा के संपदा अधिकारी अमित गुलिया, स्कॉलर रोजरी के निदेशक रवि गुगनानी, गुलाब दिमाना आदि मौजूद रहे।