रोहतक। शहर में नो पार्किंग से गाड़ी उठाने का विवाद थम नहीं रहा है। वीरवार शाम को अप्पू घर के पास खड़ी व्यापारी नेता राकेश गर्ग की कार नहीं मिली। गर्ग ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ढूंढकर उसे श्रीराम रंगशाला से दिलवाया। वहीं, नगर निगम ने शहर के अंदर नो पार्किंग जोन में खड़ी कार उठाने की जगह वहीं पर ताला लगाने का निर्णय लिया है, जिसके लिए ट्रायल के तौर पर प्रथम चरण में छोटूराम चौक से भिवानी स्टैंड तक का एरिया चिह्नित किया गया है।
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल रोहतक के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि उनका दवाइयों का कारोबार है। इसके लिए छोटूराम चौक पर कार्यालय है। उसने कार अप्पू घर के पास दीवार से सटाकर खड़ी की थी, जहां सड़क किनारे पर सफेद पट्टी भी नहीं है। दो घंटे बाद वापस आया तो कार नहीं मिली। व्यापारी नेता गुलशन डंग भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर दी। काफी देर बाद तक पुलिस नहीं पहुंची तो सिविल लाइन थाने में सूचना दी। वहां से बताया गया कि मामला आर्य नगर थाने का है। आर्य नगर थाने में एएसआई हरेंद्र सिंह मिले। उन्होंने पता किया तो पता चला कि कार श्रीराम रंगशाला में खड़ी है। एएसआई उसके साथ रंगशाला में पहुंचे और ठेकेदार के कर्मचारियों से बात की। कर्मियों को बताया कि कार नियमों के विरोध उठाई गई है। इसके बाद ठेकेदार कर्मियों ने बिना किसी जुर्माने के कार वापस कर दी।
..........
मेयर से पूछेंगे, जब सफेद पट्टी नहीं, वहां कैसे बनेगा नियम
व्यापारी नेता राकेश गर्ग का कहना है कि वे जल्द व्यापारियों के साथ मेयर से मिलेंगे। पूछा जाएगा कि शहर के अंदर जगह-जगह सफेद पट्टी नहीं है। ऐसे में आम आदमी अपनी का कहां खड़ी करे।
.......
नो पार्किंग जोन से चार पहिया वाहन उठाने को लेकर विवाद बढ़ रहा है। वीरवार को बैठक करके तय हुआ है कि ठेकेदार नो पार्किंग जोन में खड़ी कार नहीं उठाएगा। वहीं पर पहिये में ताला लगा देगा। जब कार ड्राइवर आएगा, तब जुर्माना लेकर ताला खोल देगा। ट्रायल के तौर पर भिवानी स्टैंड से छोटूराम चौक तक का एरिया लिया गया है। क्योंकि फिलहाल ठेकेदार के पास 17 ताले हैं। तालों की संख्या बढ़ने के बाद एरिया बढ़ेगा।
- मनमोहन गोयल, मेयर नगर निगम