रोहतक। एचटेट (हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा) स्तर-तीन पीजीटी की परीक्षा शनिवार को कड़े सुरक्षा घेरे में हुई। 15 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा में 4102 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 402 गैरहाजिर रहे। परीक्षा कक्ष में जाने तक परीक्षार्थियों को तीन चक्रीय जांच से गुजरना पड़ा। 19 उड़नदस्तों के अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमणशील रहे। रविवार को स्तर दो (टीजीटी) की परीक्षा में 1808 और स्तर-एक (पीआरटी) की परीक्षा में 4200 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
एचटेट स्तर-तीन पीजीटी की परीक्षा शनिवार को दोपहर तीन बजे से 15 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इन केंद्रों पर 4504 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी मगर सिर्फ 4102 ही शामिल हो सके। परीक्षार्थियों को दोपहर एक बजे से केंद्र पर पहुंचना था। वहीं, परीक्षा केंद्रों के बाहर पूर्वाह्न से पुलिस की टीमें और परीक्षा केंद्र की टीम मुस्तैद हो गई। पहले चक्र मे ंगेट पर ही हर परीक्षार्थी की चेकिंग हुई। मोबाइल फोन, आभूषण, चूड़ियां, क्लिप आदि समान बाहर ही रखवा दिया गया। सिर्फ महिला परीक्षार्थी को मंगलसूत्र पहनकर और काले रंग का पेन अंदर ले जाने दिया गया। इसके बाद दूसरे चक्र जी जांच परीक्षा केंद्र के अंदर महिला और पुरुष की अलग से लाइन बनाकर की गई। जांच के तीसरे चक्र में प्रवेश कार्ड के साथ परीक्षार्थियों की वीडियोग्राफी की गई। तब कहीं जाकर परीक्षार्थी कक्ष में जा सके।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी नांदल ने बताया कि शनिवार की परीक्षा में 402 परीक्षार्थी अनुपस्थिति रहे हैं। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए थे, जिसकी वजह से सकुशल हो गई है।
परीक्षा केंद्रों के पास खुली रही फोटोस्टेट की दुकानें
भले ही कड़े सुरक्षा पहरा में परीक्षा हुई मगर आसपास फोटो स्टेट की दुकानें खुली रही। जाट शिक्षण के परीक्षा केंद्रों से चंद कदम की दूरी पर खुली फोटो स्टेट की दुकानों पर लोगों की काफी आवाजाही बनी रही।
एक माह पहले शादी हुई है कैसे उतारूं चूड़ा
जाट शिक्षण संस्थान के एक केंद्र पर एक छात्रा से जब चूड़ा आदि उतारने के लिए कहा तो वह परेशान हो गई। उसने कहा कि एक माह पहले ही शादी हुई है, ऐसे में कैसे चूड़ा उतार सकती है। जब केंद्र पर खड़ी महिलाओं ने समझा तो उसकी आंखों में आंसू आ गया और भारी मन से चूड़ा उतारे।
सुचिता से परीक्षा कराने को प्रशासन प्रतिबद्ध : उपायुक्त
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि सुचिता और पारदर्शिता से परीक्षा कराने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा में किसी भी कीमत पर अनुचित साधन का प्रयोग नहीं होने दिया जाएगा। यह बात उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन नकल रहित परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नकल रहित परीक्षा के लिए कैमरे, वीडियोग्राफी, उड़नदस्तों का प्रबंध किया है। अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग हो रही है।
6008 परीक्षार्थी आज दोनों पारी में देंगे परीक्षा
सुबह की पाली: 10 से 12:30 बजे तक
स्तर दो (टीजीटी) की परीक्षा 14 केंद्रों पर होगी जिसमें 4200 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ये परीक्षा एसएचएलएन हिंदू ब्वॉयज कॉलेज भिवानी रोड, हिंदू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी भिवानी रोड, वैश्य महिला महाविद्यालय झज्जर रोड, छोटू राम लॉ इंस्टीट्यूट दिल्ली रोड़ मॉडल टाउन, महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय दिल्ली रोड, सतप्रिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट जींद रोड, छोटू राम मेमोरियल पब्लिक स्कूल दिल्ली रोड, जैन पब्लिक स्कूल माता दरवाजा जींद रोड, सैनी को-एजूकेशन कॉलेज सैनी हाई स्कूल, एमआर डीएवी कॉलेज ऑफ एजूकेशन सोनीपत रोड, हरकिशन मेमोरियल पब्लिक स्कूल सोनीपत रोड, राजकीय पं. नेकीराम कॉलेज, एमडीयू कैंपस स्कूल, महेंद्रा मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-3 सोनीपत रोड शामिल होंगे।
शाम की पाली : दोपहर तीन बजे से साढ़े पांच बजे तक
स्तर-एक (पीआरटी) की परीक्षा छह केंद्रों पर होगी। इसमें 1808 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ये परीक्षा एसएचएलएन हिंदू ब्वॉयज कॉलेज भिवानी रोड, हिंदू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी भिवानी रोड, वैश्य महिला महाविद्यालय झज्जर रोड, छोटू राम लॉ इंस्टीट्यूट दिल्ली रोड मॉडल टाउन, महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय दिल्ली रोड, सतप्रिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट जींद रोड में होगी।
ये ड्यूटी मजिस्ट्रेट रखेंगे पैनी नजर
जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कुमार, जीएम रोडवेज दलबीर फौगाट, निगम के संयुक्त आयुक्त सुरेश कुमार, पीजीआईएमएस के अतिरिक्त निदेशक विजय सिंह, रोहतक सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक प्रदीप अहलावत को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
19 उड़नदस्ते परीक्षा केंद्रों की करेंगे निगरानी
पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता राहुल चहल, वीएन खिची, उदयवीर झांझरियां, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता दिनेश व रोहित, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता गगन पांडे, मेहताब सिंह व धर्मबीर, जेएलएन के कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल, चुनाव तहसीलदार सुरेंद्र हुड्डा, डीईटीसी (आबकारी) जगबीर सिंह जाखड़, पशुपालन विभाग के डॉ. प्रदीप खरब, जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी गोदारा, काडा के कार्यकारी अभियंता राकेश सैनी, एचएसआईआईडीसी के प्रबंधक आरके डागर, डीईटीसी (बिक्री कर) आनंद, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता रामनिवास, जिला हाइड्रोलोजिस्ट अधिकारी दलबीर सिंह राणा एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. एसके काजल को उड़न दस्ते व पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
छात्राएं बोलीं-
मैं दो साल से परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पेपर अच्छा हुआ। अब परिणाम का इंतजार रहेगा।
- मंजू
पेपर कॉमन आया हुआ था। हिंदी, अंग्रेजी विषय मुझे सबसे ज्यादा सरल लगे। कुल मिलाकर पेपर अच्छा हुआ।
- अनुप्रिया
पेपर ठीक था। ज्यादा मुश्किल नहीं था। लेकिन पेपर में बैठ कर मन मेें थोड़ी घबराहट हो जाती है। कही गलत न हो जाए।
- प्रिया
परीक्षा में कुछ प्रश्नों में उलझन हुई। पढ़ा हुआ था लेकिन उस समय याद नहीं आया। कुल मिलाकर पेपर ठीक रहा। उम्मीद है कि नंबर आ जाएगा।
- अनु