हरियाणा के रोहतक के महम के गांव मदीना गिंधरान में शुक्रवार की तड़के घर में आग लगने से सामान और घर जल गया। इस घटना में चार अनाथ बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। गनीमत रही कि जिस समय मकान में आग लगी उस समय चारों बहनें अपने मामा के घर नौलथा जिला पानीपत शादी में गई हुई थीं।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने दमकल विभाग की सहायता से आग पर काबू पाया, लेकिन घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। इधर, महम विधायक बलराज कुंडू चारों बहनों को गोद लिया है। इसके साथ ही पांच लाख रुपये की सहायता राशि तथा पांच हजार रुपये हर माह पढ़ाई के खर्च की घोषणा करते हुए सरकार से हर संभव सहायता दिलाने की बात कही है।
घटना में बेटियों के पढ़ाई के कागजात भी जल गए हैं। लड़कियों के रिश्ते में चाचा लगने वाले जुगनू ने बताया कि मकान में चार बहनें अकेली रहती हैं। इनके पिता कर्मबीर व मां शकुंतला की एक साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। वह छह बहनें हैं, इसमें दो की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि मकान में रहने वाली चार बहनों में सबसे बड़ी 19 वर्षीय अन्नू, 17 वर्षीय संजू, 15 वर्षीय इंदु व 12 साल की अमृता शामिल हैं।