झज्जर। जनगणना के पहले चरण के तहत जिले में घर-घर पहुंचकर जनगणना कर्मी परिवारों से 33 महत्वपूर्ण सवालों की जानकारी जुटा रहे हैं। यह कार्य आगामी 30 मई तक किया जाएगा।
डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने बताया कि जनगणना का उद्देश्य देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित आंकड़े जुटाना है, इससे विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
जिला झज्जर में मकान सूचीकरण का कार्य 2185 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, जहां घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसके लिए प्रगणकों की नियुक्ति की गई है जो सीधे नागरिकों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाएंगे। इन कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी ने की जनगणना के दौरान नागरिकों से सहयोग करने की अपील की।
33 सवालों के जवाब होंगे दर्ज
डीसी ने बताया कि जनगणना के दौरान गणना कर्ता को कोई दस्तावेज दिखाने की आवश्यकता नहीं है। प्रगणकों द्वारा नागरिकों से मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार प्रमुख का नाम, पेयजल सुविधा, बिजली कनेक्शन, शौचालय एवं बाथरूम की उपलब्धता, गैस कनेक्शन, रेडियो/टीवी, केबल सुविधा, वाहन जैसे साइकिल, मोटरसाइकिल एवं कार, परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर जैसी सामान्य जानकारी ली जाएगी।