कलानौर के होटल व्यवसायी को पांच लाख की रंगदारी न देने पर बाइक सवार दो युवकों ने हमला कर दिया। धमकी दी कि अगर केस वापस नहीं लिया तो जान से मार देंगे। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न केवल सुरक्षा मांगी है, बल्कि आर्म्स लाइसेंस बनवाने की मांग भी की है।
पुलिस के मुताबिक होटल मालिक कलानौर निवासी जयप्रकाश उर्फ जेपी सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 27 नवंबर की रात करीब 9 बजे होटल से घर के लिए रवाना हुआ था। रात को 11 बजे वापस घर से होटल के लिए चल पड़ा। रास्ते में बाइक पर दो युवकों ने पीछा करना शुरू कर दिया। उनके हाथों में लोहे की रॉड व डंडे थे। बाला जी मंदिर के पास उसे रोककर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वह सड़क पर गिर गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल की। पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में दाखिल करवाया। इसके बाद लिखित शिकायत देकर न केवल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, बल्कि सुरक्षा भी मांगी।
.....
सुबह रंगदारी का तो रात को हमला करने का मामला दर्ज
होटल मालिक जयप्रकाश सैनी ने कलानौर थाने में शिकायत दी थी कि उसके पास 15 नवंबर को कॉल आई थी। कॉल करने वाला अपशब्द बोलने लगा। साथ ही दूसरे नंबर से कॉल करके पांच लाख की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद 25 नवंबर को फिर कॉल आई। अभद्र मैसेज भेजे गए। पुलिस ने मामले में रविवार सुबह 10 बजे रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया था, जबकि रात को साढ़े 11 बजे हमला करने का केस दर्ज किया है।
.......
होटल फूंकने के मामले में नहीं मिली आर्थिक सहायता
होटल मालिक ने बताया कि फरवरी 2016 की हिंसा के दौरान उसके होटल में आग लगा दी गई थी। अब तक उसे सरकार की तरफ मुआवजा नहीं मिला है। इतना ही नहीं, उसने आर्म्स लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, लेकिन लाइसेंस नहीं बना। अब पांच लाख की रंगदारी मांगी गई। रात को घर से होटल जाते समय हमला कर दिया गया। पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसे न केवल सुरक्षा दी जाए, बल्कि उसका आर्म्स लाइसेंस भी बनाया जाए।
वर्जन
पुलिस ने होटल व्यवसायी से पैसे मांगने और अब बाइक सवार युवकों द्वारा हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है। पैसे मांगने और हमला करने के मामले आपस में जुड़े हैं या नहीं, इसकी जांच-पड़ताल कर रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई होगी।
- इंस्पेक्टर रोहताश, थाना प्रभारी कलानौर