कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा
सीबीआई छापों के बाद तल्ख तेवर में दिखे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के किसी भी नेता को नहीं छोड़ा। सीबीआई जांच के बाद हुड्डा के डरने वाली बात कहने वाले भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि गीदड़ों की भभकी से शेर नहीं डरा करते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने हमें शेर बनाया है और हम शेर ही रहेंगे।
हुड्डा ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की बयानबाजी पर तंज कसा। कहा कि वह पहले अपनी सेहत को ठीक करें, क्योंकि उनकी सेहत हमेशा खराब रहती है। उसके बाद जनता की सेहत को ठीक कराएं जो उनकी सरकार ने बिगाड़ी हुई है। उसके बाद ही विज बोलने लायक होंगे।
अभय चौटाला मुझे सलाह देने की जगह अपने पिता-भाई को बचा लेते
भूपेंद्र हुड्डा ने इनेलो के नेता अभय चौटाला पर भी चुटकी ली। अभय चौटाला ने कहा था कि सीबीआई छापे के बाद हुड्डा अंडर ग्राउंड हो गए हैं, क्योंकि वह डरे हुए हैं और उनको तलाशने के लिए इंटरपोल का सहारा लेना पड़ेगा। इस पर हुड्डा ने कहा कि ऐसे लोग भी बोल रहे हैं, जिनके पिता-भाई भ्रष्टाचार में जेल में बंद हैं। वह कोर्ट में उनकी पैरवी ढंग से करते तो आज उनकी ये हालत न होती।