15 अगस्त पर सुरक्षा के मद्देनजर एसएचओ के कहने पर धरने से हटे छात्र
- फोटो : amar ujala
स्टेट यूनिवर्सिटी में वीसी को हटाने की मांग को लेकर चल रहे धरने से असमंजस के बादल नहीं छट रहे। धरना शनिवार को कुछ दिनों के लिए स्थगित जरूर हो गया। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन का दावा है कि शुक्रवार को छात्रों संग हुई बैठक के बाद विद्यार्थी संतुष्ट हैं, वे अब धरने की राह नहीं पकड़ेंगे। लेकिन आंदोलनरत छात्रों का तर्क है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पर सुरक्षा के मद्देनजर अर्बन स्टेट एसएचओ के कहने पर धरना स्थगित किया गया है। यदि 15 अगस्त तक प्रदेश सरकार ने मांगों पर अमल नहीं किया तो 16 से दोबारा धरने पर बैठ जाएंगे। छात्रों ने धरना खत्म करने के यूनिवर्सिटी प्रशासन के दावे को नकार दिया।
जानकारी के अनुसार स्टेट यूनिवर्सिटी के बाहर शनिवार को छात्र धरने पर बैठे थे। दोपहर 12 बजे, अर्बन स्टेट के एसएचओ सतेंद्र कुमार मौके पर आए। उन्होंने छात्रों को समझाया कि राजीव गांधी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाना है। सुरक्षा को लेकर कुछ दिनों के लिए धरना स्थगित कर दें। इस पर छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस तक धरने पर नहीं बैठने का फैसला लिया। अब वे 15 अगस्त तक धरने पर नहीं बैठेंगे और न ही विवि में कक्षाएं लगाएंगे।
छात्रों ने किया भरोसा, धरना खत्म : विवि प्रशासन
वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों का धरना खत्म होने की घोषणा कर दी। विवि प्रशासन का कहना है कि पिछले 15 दिनों से चल रहे धरने को विद्यार्थियों ने शनिवार को खत्म कर दिया है। प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच मांगों को लेकर जो बैठक हुई थी, उससे विद्यार्थी संतुष्ट हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हमेशा से ही विद्यार्थियों के भले के लिए ही काम किया है और हमेशा विद्यार्थियों के हित में ही कार्य करेंगे। इस हड़ताल में जो विद्यार्थी आगे आए उनसे ईर्ष्या की भावना नहीं रखी जाएगी। विद्यार्थियों की जो भी जायज मांगें हैं, प्रशासन उसे जल्दी पूरा करेगा।