कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा सोमवार को रोहतक के ओल्ड आईटीआई मैदान में आयोजित संत सैन भगत के जयंती कार्यक्रम में पहुंचे। वहां उन्होंने पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में वह भाजपा के चक्रव्यूह में फंस गए थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। साथ ही तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश व कर्नाटक की तर्ज पर हरियाणा में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। मध्यप्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में हार के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हर प्रदेश की अलग परिस्थिति होती है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर क्रीमी लेयर आय की सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जाएगी। साथ ही बुढ़ापा पेंशन छह हजार रुपये प्रतिमाह देंगे। पूर्ववर्ती हुड्डा सरकार ने पिछड़ा वर्ग समाज के हितों की रक्षा के लिए केश कला बोर्ड और मिट्टी कला बोर्ड का गठन किया।
समाज से रामनिवास घोड़ेला, भूपेंद्र गंगवा, तेलूराम जांगड़ा, योगेंद्र योगी, सुरेंद्र सैन, कमलेश पांचाल, बलराज बल्ले, राजेंदर पाल गड़रिया, टीपी बॉस, प्रताप मुदगिल, छोटा सिंह छोटा, उषा शर्मा जांगिड़ को प्रतिनिधित्व दिया। इसके अलावा डॉक्टर रामप्रकाश को दो बार राज्यसभा का सदस्य व कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया गया, ताकि किसी भी स्तर पर पिछड़े वर्ग की आवाज कमजोर न पड़ सके।
गरीब परिवारों को मिलेंगे मुफ्त प्लॉट
गरीब परिवारों को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट, इंदिरा आवास योजना के तहत दो कमरे का मकान, कर्मचारी को ओल्ड पेंशन स्कीम, हर परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली, किसानों को एमएसपी की गारंटी, किसान आंदोलन में कुर्बानी देने वाले 750 किसानों के परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे, हर गृहिणी को 500 रुपये में रसोई गैस सिलिंडर, खाली पड़े दो लाख सरकारी पदों पर भर्ती के साथ ही एससी, बीसी भर्ती का बैकलॉग भी पूरा करेंगे।
इस मौके पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रघुबीर सिंह कादियान, विधायक आफताब अहमद, विधायक गीता भुक्कल, पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी, विधायक बीबी बतरा, विधायक शकुंतला खटक, विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, पूर्व विधायक रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक प्रो. रामभगत शर्मा रहे।