प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी कांग्रेस पर रविवार को जमकर बरसे। शहर के गोहाना अड्डे पर जनसभा को संबोधित करते हुए बोले, कांग्रेस बूढी हो चुकी है। गढ़ी सांपला-किलोई, गन्नौर, गोहाना व बेरी से ज्यादा उम्र के प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुलदीप शर्मा, रघुबीर कादियान से लेकर जगबीर मलिक का इलाज करवाएगी। इसके लिए मोदी ने 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों के उपचार के लिए 5 लाख तक का आयुष्मान कार्ड देने की व्यवस्था की है।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने पर्ची व खर्ची का इंतजाम कर लिया है। कांग्रेस के फरीदाबाद की एनआईटीसी सीट से प्रत्याशी कह रहे हैं कि हुड्डा साहब 2 लाख नौकरी लगवाएंगे। उनमें से 2 हजार उनके हिस्से में आएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतक वालों इससे कांग्रेस की मंशा व सोच का पता चलता है। गन्नौर से कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा कहते हैं कि नौकरियों में अपना हिस्सा बांट लेंगे।
कांग्रेसी समझ रहे हैं कि उनकी सरकार बन गई, लेकिन आठ अक्तूबर को पता लगेगा कि कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने तो हद कर दी, लोगों के बीच बोले- बगैर घपला के सरकार थौड़ी चाल्या करै। घपलै तो करणे पड़ै सै। पहले अपना घर भऊंगा, फिर रिश्तेदारों व समर्थकों का।
एक तरह से कांग्रेस ने अपना रोडमैप तैयार कर लिया है। अपने संबोधित में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति करती है। हिमाचल, कनार्टक व तेलंगाना में खुलासा हो चुका है। हिमाचल में तो हर साल एक लाख नौकरी तो दूर कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे तक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि, कांग्रेसी अब उसी झूठ को हरियाणा में लेकर आएंगे, लेकिन हरियाणा की जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी।
दिल में कसक है, चेहरे पर नकाब लिए फिरते हैं
जिनके खुद के बही खाते खराब हैं, वे हमारा हिसाब लिए फिरते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस भाजपा से उसका हिसाब मांगती है, लेकिन उन्होंने हुड्डा से 10 सवाल पूछे थे। आज तक जवाब नहीं आया। भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी 10 साल मुख्यमंत्री रहे हैं।