रोहतक। महम में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनता तो यहां के लाखों लोगों को रोजगार मिलता। राज्य का विकास होता। यह कहना है सांसद दीपेंद्र हुड्डा का। शनिवार काे जारी बयान में उत्तर प्रदेश के जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर अफसाेस जता रहे थे।
सांसद ने कहा कि महम इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रेल कोच फैक्टरी के साथ ही लाखों रोजगार भी हरियाणा से चले गए। हरियाणा से एक-एक कर सारे प्रोजेक्ट दूसरे प्रदेशों में जाते रहे और भाजपा विरोध तक न कर सकी।
संसद के इस सत्र में पता चला कि झज्जर (बाढ़सा) का मंजूरशुदा आईआईटी भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बाढ़सा एम्स के 10 मंजूरशुदा संस्थानों की तरह सरकार ने गायब कर दिया है। सरकार युवाओं के हितों पर लगातार कुठाराघात कर रही है।
उसने केवल बाढ़सा में प्रस्तावित आईआईटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को ही गायब नहीं किया बल्कि बाढ़सा एम्स-2 परिसर के बचे हुए 10 मंजूरशुदा संस्थान, रेल कोच फैक्टरी, महम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, गुरुग्राम का रक्षा विश्वविद्यालय भी दूसरे प्रदेशों में भेज दिए।