पंजाब के बरनाला से रेलवे ट्रैक के सहारे-सहारे दिल्ली होते हुए उत्तर प्रदेश के बांदा जा रहे 18 लोगों को जीआरपी ने सोमवार को खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास पकड़ लिया। इनको जीआरपी सिविल अस्पताल लेकर आई, जहां कोरोना वायरस से संबंधित जांच के लिए सैंपल लिए गए। रिपोर्ट आने तक सभी सिविल अस्पताल में ही रहेंगे।
जीआरपी थाना प्रभारी स्नेहीराज ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे सूचना मिली कि पटरियों के किनारे - किनारे करीब 18 - 20 लोगों का समूह पैदल दिल्ली की तरफ जा रहा है, जिस पर जीआरपी ने खरावड़ पहुंचकर सभी लोगों को घेराबंदी करके रोका। थाना प्रभारी के अनुसार पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह पंजाब के बरनाला में पेंट करने का काम करते हैं। पहले चरण का लॉकडाउन खत्म होने के अंतिम दिन पता चला कि यह बढ़ सकता है, तो उन्होंने एकजुट होकर रेल ट्रैक के किनारे - किनारे अपने घर उत्तर प्रदेश के बांदा जाने का फैसला लिया और वह 13 अप्रैल को अपना जरूरी सामान लेकर निकल लिए थे। सभी लोगों के पंजाब से आने की जानकारी होने पर जीआरपी ने तुरंत जिला प्रशासन को सूचना दी और सभी को एंबुलेंस से सिविल हॉस्पीटल ले जाया गया, जहां सभी के कोरोना की टेस्टिंग के लिए सैंपल लिए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट आने तक सभी को सामान्य अस्पताल में रखा जाएगा। यदि टेस्टिंग में रिपोर्ट नेगेटिव आएगी तो शेल्टर होम पहुंचाएंगे अन्यथा क्वारंटीन किया जाएगा।
इन लोगों को पकड़कर कराया गया टेस्ट
बांदा निवासी विरेंद्र, कौशल, सूरजपाल, मिथलेश, महेंद्र, रज्जू प्रसाद, रामसिया, अमर सिंह, कैलाश, पंकज, बृजमोहन, अमन सिंह, अखिलेश, देवेंद्र, बलदेव, सुरेंद्र पाल, सत्यम व राजेश हैं।