35 रोहतक में दिल्ली रोड स्थित कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पूर्व मंत्री मनीष
रोहतक। भारतीय जनता पार्टी से पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते कहा कि रोहतक में राजीव गांधी खेल स्टेडियम, सेक्टर पांच में मॉडल आईटीआई व चौधरी रणबीर सिंह नई ओपीडी की खस्ताहाल बिल्डिंग बनाने वाली कांग्रेस के करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि निर्माण के कुछ समय बाद ही खस्ताहाल हुई इन बिल्डिंगों के निर्माण में जो लापरवाही हुई है उसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए। यह कांग्रेस के शासनकाल के समय के सबसे बड़े भ्रष्टाचार के सबूत हैं।
पूर्व मंत्री ने रविवार को दिल्ली रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में बूथ नंबर 97 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। ग्रोवर ने कहा कि अगर इन तीनों प्रोजेक्ट में अच्छी क्वालिटी का सामान इस्तेमाल किया जाता तो इतनी जल्दी तीनों बिल्डिंग जर्जर नहीं होती।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उनके सांसद बेटे व स्थानीय विधायक को भी इसका जवाब देना चाहिए कि अपने गृह क्षेत्र में भी अच्छी गुणवत्ता वाले प्रोजेक्ट नहीं बना सके। कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री को कम से कम रोहतक जिले में हुए इस भ्रष्टाचार पर नकेल कसनी चाहिए थी।