संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी रोड में वीरवार को जिलास्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भैणी महाराजपुर ने प्रथम स्थान पाकर जीत हासिल की। जिला गणित विशेषज्ञ दीपक अरोड़ा ने बताया कि राजकीय विद्यालयों की 44 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रत्येक टीम में 3 विद्यार्थी रहे। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सभी टीमों की ओर से लिखित परीक्षा दी गई जिसमें विद्यार्थियों ने बहुत ही उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रथम 6 स्थान प्राप्त करने वाली टीमों ने द्वितीय चरण के लिए प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में टीमों की ओर से विभिन्न राउंड की प्रश्नोत्तरी में विजुअल, ऑडियो, वीडियो, विभिन्न प्रश्न उत्तर , रैपिड फायर राउंड हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने बताया कि गणित बच्चों के जीवन में रचनात्मक सोच को बढ़ाता है वो जीवन में अनुशासन लाता है। डॉ. दीपक अरोड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भैणी महाराजपुर, द्वितीय स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मायना व तृतीय स्थान राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी रोड की टीम ने प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में क्विज मास्टर की भूमिका ऋतु बाला की ओर से की गई। इस मौके पर डॉ. समीर मान, अल्का, रेखा, मोहित गौतम, संदीप कौशिक, मीनाक्षी, पूनम, अनिल कौशिक, सोनिया, नीतू नेहा, निशा चहल आदि मौजूद रहे।