रोहतक। आईएमटी थाना क्षेत्र के गांव कारोर बाईपास पर सड़क हादसे एक बच्ची की मौत हो गई। सड़क निर्माण कर रहे श्रमिक की बेटी वहां खड़ी ब्रूमर मशीन के पास ही बैठी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला बहराइच निवासी चेते ने कहा है कि वह झज्जर की एक निजी कंपनी में पिछले नौ साल से काम कर रहा है। उसे छह बच्चे हैं। इनमें से पांच बेटियां व एक बेटा है। शुक्रवार को कंपनी ने काम के लिए मुझे व अन्य श्रमिकों को सड़क सफाई के लिए कारोर बाईपास के नजदीक होटल पर भेजा दिया। यहां कंपनी का डंपर व सड़क सफाई की मशीन (ब्रूमर) साथ भेजी गई। चालक ने डंपर सड़क पर एक ओर खड़ा कर दिया। इसके आगे ब्रूमर मशीन खड़ी कर दी। थोड़ी देर बाद एक ट्राला चालक तेज गति से आया और उसने ट्राले को सीधी टक्कर डंपर में मारी। डंपर टक्कर के कारण आगे काम कर रही ब्रूमर मशीन से जा टकराई। इसके पास ही बेटी सोनम बैठी थी। टक्कर लगने से उसकी गर्दन ब्रूमर में फंस गई। श्रमिक सोनम को इलाज के लिए निजी वाहन से पीजीआई ले गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।