संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आठ से दस साल पहले बने आधार कार्ड को अपडेट करने की तिथि बढ़ाकर 14 दिसंबर कर दी है। उपायुक्त अजय कुमार ने आमजन से आह्वान किया कि वह अपने आठ से दस साल पहले बने आधार कार्ड को 14 दिसंबर तक यूआईडीएआई के पोर्टल पर निशुल्क अपडेट करें। आधार कार्ड को ऑनलाइन अपडेट कराने के लिए आधार कार्ड धारक को किसी प्रकार के शुल्क की अदायगी नहीं करनी होगी।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि जिले में जिन व्यक्तियों ने पिछले आठ या दस सालों में आधार कार्ड को अपडेट नहीं कराया है, ऐसे व्यक्ति को अपना आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए रिहायशी प्रमाण पत्र और स्वयं का पहचान पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। आधार कार्ड धारक माई आधार पोर्टल से आधार ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
वहीं माई आधार एप में जहां पहचान पत्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार्य दस्तावेजों की सूची भी है और पते का प्रमाण भी उपलब्ध है। उन्होंने जिला वासियों से इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठाते हुए आधार कार्ड अपडेट कराने का आह्वान किया है। ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अपने मोबाइल नंबर को आधार में अपडेट रखने की सलाह दी है।