सुनारियां चौक पर बुधवार सुबह करीब सवा 11 बजे एक जनरल स्टोर संचालक से साढ़े तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दुकान पर बिंद्र नाम का एक युवक आया और उसके सीने पर पिस्तौल तान साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की। नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी। इस दौरान जब लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह फायर कर कुछ दूरी पर खड़े बाइक सवार दो साथियों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को दी शिकायत में जनता कॉलोनी निवासी प्रदीप ने बताया कि उनकी सुनारियां चौक पर दलाल जनरल स्टोर के नाम से दुकान है। बुधवार सुबह करीब सवा 11 बजे उसके पिता जयप्रकाश दुकान पर बैठे थे। वह मंडी से सामान लेने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान पिता का फोन आया। उन्होंने कहा कि दुकान पर एक युवक आया है, जो अपना नाम बिंद्र निवासी सुनारियां बता रहा है। प्रदीप जब दुकान पर पहुंचा तो आरोपी उसके सीने पर पिस्तौल तान बोला साढ़े तीन लाख रुपये दे, नहीं तो गोली मार दूंगा। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने गोली चला दी जो सड़क पर जा लगी। इसके बाद वह मौके पर भाग निकाला और कुद ही दूरी पर खड़े बाइक सवार दो साथियों के साथ फरार हो गया। आरोपी ने प्रदीप को जान से मारने की धमकी भी दी है।
दुकानदार की शिकायत के आधार पर आरोपी बिंद्र व दो अन्यों के खिलाफ फिरौती सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बिंद्र सुनारियां कलां का रहने वाला है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, फिलहाल व साथियों सहित फरार है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- बलवंत सिंह, शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी।