तीन दिन पहले आंबेडकर कॉलोनी से लापता हुए 12वीं के छात्र शशांक की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके चार दोस्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुमित, शिवम, रोहित व अमर को बुधवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी, ताकि पूरी वारदात से पर्दा उठाया जा सके। उधर, शशांक के पिता को अब भी बेटे के जिंदा होने की उम्मीद है। ऐसे में वे बुधवार सुबह पीजीआई के डेड हाउस में जाकर शव को देखेंगे। शव उसके बेटे का है या किसी अन्य का युवक का।
इंदिरा कॉलोनी चौकी प्रभारी सुभाष ने बताया कि आंबेडकर कॉलोनी निवासी एवं निगम की अकाउंट ब्रांच में कार्यरत राकेश ने दी शिकायत में बताया कि रविवार को उसका 18 वर्षीय बेटा शशांक घर पर था। उसे पड़ोस का युवक सुमित अपने साथियों के साथ घर से बुलाकर ले गया। उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे सिंचाई विभाग से फोन आया कि आपकी स्कूटी बालंद गांव के पास नहर में मिली है। उसे अनहोनी की आशंका हुई। पुलिस ने सुमित व अन्य के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। दो दिन से परिजन व पुलिस युवक की तलाश में जुटे थे। एक आरोपी की लोकेशन हिसार मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को हिसार रोड से चार युवकों को काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शशांक को बुलाकर नहर पर ले गए, जहां धक्का देकर उसे नहर में गिरा दिया। साथ ही स्कूटी छोटी नहर में गिरा दी। देर रात आरोपियों का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। बुधवार को पुलिस आरोपियों को अपहरण, हत्या व एससी-एसटी एक्ट के तहत अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
मन कहता है बेटा अभी जिंदा, सुबह अच्छी तरह से देखूंगा शव
शशांक के पिता राकेश बेटे के लापता होने से काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने बेरी से आगे नहर में एक युवक का शव दिखाया है। मेरा मन अब भी नहीं मान रहा कि बेटे की मौत हो गई है। मैं सुबह परिजनों के साथ डेड हाउस जाकर अच्छी तरह से शव को देखूंगा। क्योंकि बेरी के पास शव सही ढंग से नहीं देख सका।
मंगलवार को बेरी के पास नहर में एक युवक का शव मिला। परिजनों को शनाख्त के लिए शव दिखाया गया है। अब शव शशांक का है या नहीं, इसके बारे में परिजन ही बताएंगे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अपहरण की धारा के अलावा हत्या व एससी-एसटी एक्ट भी जोड़ दिया है। साथ ही चार युवकों सुमित, रोहित, अमर व शिवम को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर राकेश सैनी, सिटी थाना प्रभारी