जींद। शहर और जिले में खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले हजारों दुकानदारों, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों और खाद्य निर्माताओं को अब खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े फोस्टैक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेना होगा। आरोमा शिक्षा एवं सेवा समिति की ओर से जिले के खाद्य कारोबारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम दिसबंर माह में आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए कारोबार की श्रेणी के अनुसार प्रति प्रशिक्षणार्थी 826 से 1200 रुपये तक शुल्क निर्धारित किया गया है।
यह प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन (फोस्टैक) कार्यक्रम के तहत होगा। इसका उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना है। जींद शहर में किराना दुकानों, जनरल स्टोर, मिठाई की दुकानों, ढाबों, होटल और रेस्टोरेंट सहित खाद्य कारोबार से जुड़ी हजारों इकाइयां हैं। ऐसे में यह प्रशिक्षण बड़ी संख्या में कारोबारियों से जुड़ा है। समिति के अनुसार खुदरा श्रेणी में किराना दुकानदारों और जनरल स्टोर संचालकों के लिए 826 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं कैटरिंग श्रेणी में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों तथा विनिर्माण श्रेणी में खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों के लिए 1200 रुपये प्रति प्रशिक्षणार्थी शुल्क तय किया गया है। समिति के अनुसार निर्धारित शुल्क के अलावा कोई अनधिकृत राशि नहीं ली जाएगी। इसके लिए सभी दुकानों पर प्रशिक्षण देने वाली संस्था के सदस्य जाएंगे और यह राशि पहले नहीं देनी। प्रशिक्षण के दौरान ही राशि देनी होगी। जब संस्था के सदस्य दुकान पर जाकर दुकानदार की रसीद काटकर देंगे।
खाद्य कारोबारियों के लिए स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी होना जरूरी है। फोस्टैक प्रशिक्षण से कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव और साफ-सफाई के नियमों की जानकारी मिलेगी। सभी संबंधित कारोबारियों को निर्धारित प्रशिक्षण और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।
अमन प्रकाश, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जींद।