फोटो :: गांव खेवड़ा स्थित स्कूल में सहपाठी छात्रों के हमले में घायल हुआ छात्र अपने पिता के साथ।
सोनीपत। गांव खेवड़ा स्थित ऑर्किड्स द इंटरनेशनल स्कूल में 11वीं कक्षा के एक छात्र को उसके ही पांच सहपाठियों ने जैकेट से सिर ढककर पीट दिया। हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। उसे उपचार के लिए पहले निजी अस्पताल और बाद में सोनीपत के नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों को उसके सिर पर टांके लगाने पड़े। स्कूल ने पांचों छात्रों को निलंबित कर दिया है।
छात्र गोविंद ने बताया कि बुधवार को इकोसॉमिक्स विषय का पीरियड था। शिक्षिका किसी बच्चे के अभिभावक से बातचीत करने लगीं। इसी दौरान उनके पांच सहपाठी छात्रों ने कक्षा में शरारत शुरू कर दी। इसी दौरान छोटे भाई गोपाल के सिर पर जैकेट रखकर मारने की कोशिश की तो उन्होंने विरोध किया। आरोपियों ने भाई को छोड़ दिया और अचानक सिर पर जैकेट डालकर हमला कर दिया। हमले में सहपाठी का कड़ा या कोई नुकीली चीज उनके सिर में लग गई और खून बहने लगा। घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छात्र के पिता सतबीर का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। स्कूल में जिस समय यह घटना हुई उस समय कक्षा में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। स्कूल में बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की है।
मामले का पता लगते ही छात्र व परिजनों से मिलकर बच्चे का हाल चाल जाना गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए जिन पांच छात्रों पर पिटाई का आरोप लगा है उन्हें निलंबित कर दिया है। स्कूल में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। कमेटी मामले की जांच करेगी।
रोहिता शर्मा, प्राचार्य
-छात्र की पिटाई की जानकारी मिली थी। अभी तक परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद उसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
संजय, थाना प्रभारी, बहालगढ़
फोटो :: गांव खेवड़ा स्थित स्कूल में सहपाठी छात्रों के हमले में घायल हुआ छात्र अपने पिता के साथ।