सोनीपत। बहालगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई किशोरी का शव बुधवार को पड़ोस के गांव स्थित तालाब में सड़ी-गली हालत में मिला। 16 वर्षीय किशोरी 28 अक्तूबर से लापता थी। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने विसरा जांच के लिए नमूने भेजे हैं।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली महिला ने 29 अक्तूबर को बहालगढ़ थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह करीब चार साल पहले पति और चार बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में यहां आई थीं। करीब तीन महीने पहले बीमारी के चलते उनके पति की मौत हो गई थी। वह फैक्टरी में काम करती हैं। घर पर उनकी 16 वर्षीय बेटी और 12 व सात साल के दो बेटे थे।
28 अक्तूबर को जब वह फैक्टरी गईं, तब सभी बच्चे घर के कमरे में थे। कुछ देर बाद किशोरी अचानक लापता हो गई। आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा।
क्षत-विक्षत हालत में मिला शव, पहचान के बाद खुला राज
सोमवार को पड़ोसी गांव के तालाब में एक किशोरी का शव मिला। शव की हालत क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। बुधवार को परिजनों ने शव की पहचान अपनी लापता बेटी के रूप में की।
चोट के निशान नहीं, विसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने सोनीपत के नागरिक अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सकों की प्रारंभिक जानकारी में किशोरी के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। जांच के लिए विसरा सुरक्षित कर एफएसएल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और विसरा जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो लोगों पर संदेह, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने किशोरी की मौत के मामले में दो लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस इस पहलू समेत मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। एसीपी विपिन कादियान ने बताया कि किशोरी के लापता होने की सूचना मिलने पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। विसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है। आगे रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।