प्रेम प्रकाश शर्मा
नारनौल।
जिलावासियों को अब कूल्हे और घुटने प्रत्यारोपण के लिए दूर दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। पहली बार नारनौल के नागरिक अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया गया है। ऑपरेशन के बाद मरीज आसानी से चल रहा है। अभी प्रदेश के कुछ सरकारी अस्पतालों में घुटने व कूल्हे का प्रत्यारोपण किया जा रहा है। ऐसे में इन अस्पतालों की सूची में नारनौल का नागरिक अस्पताल भी जुड़ गया है।
नांगल सिरोही का खुशीराम एक माह पहले नागरिक अस्पताल में घुटने के दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे थे। वह चलने फिरने में असमर्थ थे। चिकित्सकों ने घुटने का ऑपरेशन करने की सलाह दी। इसके बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. होशियार शर्मा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण कुमार यादव, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश खिंची और बेहोशी के डॉ. अनुज यादव ने मरीज का सफल ऑपरेशन किया। अब मरीज आसानी से चल रहा है।
रोजाना घुटनों के दर्द से परेशान 40 से 50 रोगी पहुंच रहे
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. होशियार शर्मा ने बताया कि नागरिक अस्पताल में इन दिनों 40 से 50 मरीज घुटने के दर्द से ग्रस्त आ रहे हैं। इसके पीछे लोगों की बदलती जीवन शैली व खानपान है। ओपीडी के बाहर सुबह से मरीजों की लाइन लगनी शुरू हो जाती है। इसके हाथ पैर में दर्द के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने बताया कि आजकल भागदौड़ की जिंदगी में लोग स्वास्थ्य की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसकी वजह से उन्हें दर्द घेर रहा है।
नागरिक अस्पताल में यह हो रहे ऑपरेशन
नागरिक अस्पताल में तीन हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. होशियार शर्मा, डॉ. कृष्ण कुमार यादव और डॉ. ओमप्रकाश खिंची के आने के बाद घुटने, कूल्हे का प्रत्यारोपण सहित हड्डियों का ऑपरेशन भी किया जा रहा है। इससे मरीजों को अब निजी अस्पताल में भागना नहीं पड़ेगा।
घुटना प्रत्यारोपण में 1.5 से 2 लाख रुपये आते हैं खर्च
अगर कोई मरीज बिना आयुष्मान के निजी अस्पताल में घुटने का प्रत्यारोपण करवाता है तो उस पर 1.50 से 2 लाख रुपये खर्च आता है। इसके लिए दिल्ली जयपुर के अस्पतालों में मरीजों को जाना पड़ता था। अब आयुष्मान होने पर मरीज का निशुल्क घुटने का प्रत्यारोपण नागरिक अस्पताल में किया जा रहा है।
नागरिक अस्पताल में कूल्हे व घुटने का प्रत्यारोपण होना शुरू हो गया है। अभी हाल ही में पहली बार सफल घुटने का प्रत्यारोपण किया गया है। आयुष्मान योजना कार्ड धारक का निशुल्क ऑपरेशन होगा।
डॉ. धर्मेंद्र सांगवान, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल, नारनौल।