बिल्डिंग नियम ताक पर रखकर पांचवीं मंजिल बनाने वाले बिल्डिंग मालिकों के खिलाफ लगातार दूसरे दिन भी वीरवार को कार्रवाई जारी रही। निगम ने डीएलएफ कॉलोनी में तीन बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल तोड़ी। बिल्डिंग मालिक सांसद अरविंद शर्मा व मेयर मनमोहन गोयल से मिले। मेयर ने कहा कि मुख्यालय ने आदेश दिए हैं। उनकी बात मुख्यालय तक पहुंचा दी जाएगी। वहीं, निगम ने 4 सितंबर तक तोड़फोड़ की तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट तक नियुक्त कर दिए गए हैं। निगम का दावा है कि शुक्रवार को सात बिल्डिंगों को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। मार्च 2010 में नगर परिषद को भंग करके नगर निगम का दर्जा दिया गया था। वर्ष 2013 में निगम के पहले चुनाव से पहले बिल्डिंग अधिनियम के तहत नियम तोड़कर निर्माण करने पर शहर में एक दिन में दो दर्जन से ज्यादा बिल्डिंग सील की गई थी। हालांकि अप्रत्याशित तरीके से बाद में सील हटा दी गई। उसके बाद 2017 में प्रदेश सरकार ने बिल्डिंग एक्ट में संशोधन किया। धरातल पर ठोस कार्रवाई न होने के कारण शहर में बहुमंजिला इमारतें बनने लगे। सरकार ने पांच मंजिल तक बिल्डिंग बनाने की अनुमति दे दी, लेकिन शर्त रखी कि ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग होनी चाहिए। उसके ऊपर चार मंजिल बन सकती है। अगर बिना पार्किंग पांच मंजिल बनाई जाती हैं तो नियमों के खिलाफ माना जाएगा। बुधवार को चंडीगढ़ मुख्यालय से अचानक निगम के पास ऑर्डर आए। निगम ने भारी पुलिस बल के साथ मिलकर ओल्ड आईटीआई के पास एक बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल तोड़ी। अब वीरवार को डीएलएफ कॉलोनी में तीन बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल तोड़ी गई। इतना ही नहीं, निगम ने 30 के करीब बिल्डिंग की सूची तैयार की है। अधिकारियों का दावा है कि तोड़फोड़ अभियान लगातार जारी रहेगा।
नोटिस देने के अगले दिन ही कार्रवाई
निगम की तरफ से बुधवार शाम पांचवीं मंजिल नियम के तहत न बनाने का नोटिस दिया था। नोटिस में 15 दिन का समय दिया हुआ है। बावजूद इसके वीरवार को ही तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है। 15 दिन का समय नहीं तो कम से कम एक सप्ताह का समय देना चाहिए। नोटिस देने के कुछ घंटे बाद ही तोड़फोड़ सही नहीं।
देखादेखी बना ली पांचवीं मंजिल
एक बिल्डिंग मालिक ने बताया कि उसने चार मंजिला बिल्डिंग का नक्शा पास करवाया था। पांचवीं मंजिल उसने अन्य लोगों की देखादेखी बना ली। उसने निगम कर्मियों से संपर्क साधा तो उन्होंने संशोधित फाइल देने के लिए कहा, जो जमा करवा दी। निगम अधिकारियों से जुर्माना लगाने की बात कही थी, लेकिन अब अचानक तोड़फोड़ कर दी।
अब यहां तोड़ी जाएंगी बिल्डिंग
निगम की तरफ से पांचवीं मंजिल नियम तोड़कर बनाने पर 30 बिल्डिंग चयनित की थी। इनमें से डीएलएफ में वीरवार तक चार बिल्डिंग पर कार्रवाई की गई। अब शुक्रवार को आधा दर्जन बिल्डिंग पर कार्रवाई होगी।
वीरवार को निगम ने डीएलएफ कॉलोनी में अनीता, हंसराज व अमन की बिल्डिंग तोड़ी। शुक्रवार को सात बिल्डिंग तोड़ी जाएंगी। इसके लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। निगम व पुलिस प्रशासन ने मिलकर 4 सितंबर तक कार्रवाई की रणनीति तैयार कर ली है।
- जितेंद्र कुमार, एटीपी, नगर निगम
बिल्डिंग मालिक मिलने आए थे। उन्हें बताया गया कि मुख्यालय की तरफ से आदेश आए हैं। सरकार की हिदायतों के तहत कदम उठाया गया है। इसमें मुख्यालय स्तर पर ही बात रखी जा सकती है।
- मनमोहन गोयल, मेयर नगर निगम