फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

त्योहारी सीजन : किला रोड पर पार्किंग ठेकेदार का ट्रैक्टर देख गुस्साए व्यापारी, ग्राहकों के वाहन उठाने पर कर्मियों से भिड़े

विज्ञापन
किला रोड बाजार में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ बहस करते व्यापारी। संवाद
विज्ञापन
त्योहारी सीजन में शहर के किला रोड बाजार में उस समय हंगामा हो गया, जब नगर निगम व पुलिस की संयुक्त टीम सोमवार की दोपहर सड़क किनारे खड़े ग्राहकों के दोपहिया वाहन उठाने पहुंची। पार्किंग ठेकेदार का ट्रैक्टर देखकर दुकानदार भड़क गए और निगम कर्मियों को कार्रवाई करने से रोक दिया। दुकानदारों ने कहा कि डीएसपी व निगम अधिकारियों के साथ बैठक में तय हुआ था कि व्यापारी बाजार में वाहन खड़े नहीं करेंगे। जबकि ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे 3 फुट एरिया में खड़े होंगे। इसके लिए निगम पट्टी खींचकर सीमा तय करेगा, फिलहाल पट्टी नहीं खींची गई है। वहीं, 45 मिनट के हंगामे के बाद निगम व पुलिस की संयुक्त टीम लौट गई।
विज्ञापन

नगर निगम व पुलिस की तरफ से त्योहारी सीजन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान बनाया गया था, जिसे सोमवार से लागू किया गया। शहर के सबसे व्यस्त बाजार किला रोड के बीचोंबीच दोपहिया वाहन खड़े होते हैं, जिसे पुलिस व निगम ने व्यापारियों से हटाने के लिए कहा था। तालमेल के लिए किला रोड पुलिस चौकी में बैठक भी हुई थी। डीएसपी डॉ. रवींद्र ने बाजार का निरीक्षण भी किया था। शनिवार को जारी ट्रैफिक प्लान के तहत किला रोड बाजार, गोहाना अड्डा व दिल्ली गेट के वाहनों को किला रोड पुलिस चौकी में खड़े करने की व्यवस्था की थी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे निगम व पुलिस की संयुक्त टीम किला रोड बाजार में पहुंची। उस समय किला रोड के बीचोंबीच दोपहिया वाहन खड़े नहीं थे। सड़क किनारे जगह-जगह स्कूटी व बाइक खड़ी मिली। ठेकेदार के कर्मचारी ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और लिफ्ट सिस्टम से दोपहिया वाहन उठाने लगे। जो दोपहिया वाहन चालक 100 रुपये चालान जमा करवा देता, उसे छोड़ दिया जाता।
महिला ग्राहक का काटा चालान, भड़क गए व्यापारी
सड़क किनारे एक महिला ग्राहक की स्कूटी खड़ी थी। निगम कर्मी जब स्कूटी जब्त करने लगे, तभी महिला आ गई। उसने कारण पूछा तो निगम कर्मी बोले, बाजार में स्कूटी खड़ी करना प्रतिबंधित है। ठेकेदार के कर्मचारी ने 100 रुपये का चालान काट दिया। महिला बोली कि उसने तो दुकानदार से पूछकर स्कूटी खड़ी की थी। इसी बीच तीन-चार और दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए। इससे व्यापारी नाराज हो गए और वाहन उठाने का विरोध करना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

दुकानदारों ने उतार लिए दोपहिया वाहन
काफी देर तक बाजार में हंगामा होता रहा। दुकानदारों ने दोपहिया वाहन वापस उतार लिए। इसी बीच ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह आ गए। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत कार्रवाई करें। व्यापारियों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। बाजार के प्रधान बिट्टू सचदेवा भी आ गए। उन्होंने निगम ठेकेदार के कर्मचारियों को वापस भेज दिया।
पहले ही दिन ही ट्रैफिक प्लान पटरी से उतरा, प्रतिबंधित मार्ग पर भी चली ऑटो
उधर, पुलिस की तरफ से बाजारों में लागू किया गया ट्रैफिक प्लान सोमवार को पहले दिन ही पटरी से उतर गया। शनिवार को पुलिस ने आंबेडकर चौक से कच्चा बेरी रोड के मोड़ तक ऑटो को प्रतिबंधित किया था, लेकिन ऑटो भिवानी स्टैंड, शांतमई चौक व दूसरे प्रतिबंधित एरिया में भी दिखाई दी।
डीएसपी व निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में तय हुआ था कि व्यापारी बाजार में वाहन खड़ा नहीं करेंगे। ग्राहक दो मिनट के लिए आता है। वह सड़क किनारे खींची पट्टी के अंदर वाहन खड़ा कर सकते हैं। निगम ने पट्टी खींची नहीं, उससे पहले ही ग्राहकों के वाहन उठाने आ गए। ऐसी तानाशाही नहीं चलने देंगे।
- बिट्टू सचदेवा, प्रधान किला रोड बाजार
किला रोड तंग बाजार है। ऐसे में बाजार के अंदर किसी के भी वाहन खड़े नहीं होने चाहिए। वाहनों के लिए शहीद भगत सिंह पार्किंग है। वाहन ग्राहक का है या दुकानदार का, यह पहचाना मुश्किल हो जाएगा। इससे फिर व्यवस्था बिगड़ जाएगी। सोमवार को कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी। आला अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान निकालेंगे।
विज्ञापन

- इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह, एसएचओ ट्रैफिक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें