एफडीडीआई की डिग्री का विवाद गरमाता जा रहा है। विरोध को दबाने के लिए देश भर के आठों संस्थानों में 15 अक्तूबर तक छुट्टी के आदेश जारी कर दिए गए हैं। रोहतक स्थित संस्थान में तो छात्रों को हॉस्टल से निकालने के निर्देश भी जारी कर दिए गए। इससे गुस्साए छात्रों ने मंगलवार को प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
पूरे मामले को लेकर छात्रों ने आईजी और एडीसी से शिकायत की है। एफडीडीआई (फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट) के रोहतक समेत देश भर में आठ संस्थान हैैं। संस्थान की डिग्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसके चलते प्रबंधन ने देश भर के संस्थान 15 अक्टूबर तक बंद करने के आदेश जारी कर दिए। आदेश मिलते ही मंगलवार को संस्थान के गेट पर नोटिस लगा दिया गया और करीब विद्यार्थियों को हॉस्टल खाली करने के निर्देश जारी कर दिए गए। इससे छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा कर दिया।
विवाद बढ़ने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। इसके बाद छात्र आईजी कार्यालय और एडीसी के पास पहुंचे। छात्रों का कहना था कि वह हॉस्टल खाली करने की स्थिति में नहीं हैं। चेतावनी दी कि यदि जबरन हॉस्टल से बाहर निकाला गया तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस पर एडीसी ने संस्थान के अधिकारियों से बात कर छात्रों को हॉस्टल खाली करने के लिए पांच दिन का समय दिलवाया।
रायबरेली संस्थान में तोड़फोड़ के बाद दिए आदेश
डिग्री की मान्यता को लेकर उठे विवाद के बाद गत सप्ताह एफडीडीआई के रायबरेली स्थित संस्थान में छात्रों ने तोड़फोड़ कर दी थी, जिसके बाद प्रबंधन ने देशभर सभी संस्थानों में छुट्टी के आदेश जारी कर दिए। डिग्री को लेकर मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है।
एक सप्ताह से नहीं चल रही थी क्लॉस
रोहतक स्थित संस्थान में करीब 400 छात्र पढ़ाई करते हैं। इसमें से करीब 100 छात्र हॉस्टल में रहते हैं। सूत्रों की मानें तो संस्थान में पिछले एक सप्ताह से क्लॉस भी नहीं चल रही थी। आए दिन डिग्री को लेकर विवाद हो रहा था।
यह उठ रहे सवाल
15 अक्तूबर तक संस्थान बंद करने के आदेश किसी के गले नहीं उतर रहे। यही नहीं, सत्र के बीच में छुट्टी के बाद छात्रों पर हॉस्टल खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। जबकि सत्र के बीच में हास्टल खाली नहीं करवाए जा सकते। छात्रों को आशंका है कि कहीं छुट्टी के बहाने संस्थान को बंद करने की तैयारी तो नहीं है।
आईजी कार्यालय पर बेहोश हुई छात्रा
संस्थान में हंगामे के बाद सभी छात्र आईजी कार्यालय पर पहुंचे। वहां पर शीतल नाम की एक छात्रा अचानक बेहोश हो गई। इस पर छात्र-छात्राओं ने आनन-फानन में उसे पानी पिलाया, जिसके कुछ देर बाद उसे होश आया। बताया जाता है कि छात्रा गर्मी के कारण बेहोश हुई थी।
प्रबंधन के आदेश पर सभी संस्थानों में 15 अक्तूबर तक छुट्टी कर दी गई है। इसीलिए छात्रों को घर जाने के लिए कहा गया है। संस्थान खुलने पर छात्र वापस आ सकते हैं।
- मनोज अग्रवाल, सेंटर इंचार्ज, एफडीडीआई रोहतक।