03सीटीके35-बाजार में टीम के साथ खाद्य पदार्थों के सैंपल लेते एफएसओ डॉ. योगेश कादयान। एफडीए
रोहतक। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते व एफडीए (खाद्य व औषधि प्रशासक) विभाग ने वीरवार को शहर में विभिन्न चार जगह पर दबिश देकर कुट्टू के आटे व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। नवरात्र पर्व पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए यह कार्रवाई की गई। ये सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे। इनकी रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
एफएसओ डॉ. योगेश कादयान ने बताया कि सीएम फ्लाइंग के साथ संयुक्त टीम ने अलग-अलग जगहों पर सैंपलिंग की। माल गोदाम रोड स्थित दीपक ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया गया। यहां आर्य नगर निवासी दुकानदार दीपक की मौजूदगी में कुट्टू के आटे का सैंपल लिया गया। दुकान का पंजीकरण ठीक मिला। इसके बाद अरोड़ा किराना स्टोर कच्चा बेरी रोड पर कृष्णा कॉलोनी निवासी सतीश, कच्चा बेरी रोड पर गरनावठी निवासी महाबीर, महमिया दाल सेंटर पर अनाज मंडी निवासी सचिन गर्ग की दुकान से कुट्टू के आटे के सैंपल भरे गए। इसके अलावा मॉडल टाउन, पुरानी अनाज मंडी व अन्य स्थानों पर अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए। टमी ने कुट्टू के आटे के चार, कुट्टू गिरी का एक, सामक के आटे का एक व सिंघाड़े के आटे का एक सैंपल लिया। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। यहां से आने वाली रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।