हरियाणा पंजाब एकता मंच के प्रधान सतीश राणा ने कहा की मंत्री जेपी दलाल को किसी भी कीमत पर कार्यक्रम में नहीं आने दिया जाएगा। उनके आने को रास्तों को बंद कर दिया जाएगा। यदि वे हेलीकॉप्टर से आने की कोशिश करते हैं तो उनका हेलीकॉप्टर उतरने नहीं दिया जाएगा। 25 जनवरी को राजीव गांधी स्टेडियम को ट्रैक्टरों से घेर दिया जाएगा।
स्टेडियम के बाहर करीब पांच हजार ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सीएम खुद करनाल के कैमला गांव में किसानों का गुस्सा झेल चुके हैं, इसके बाद भी वे अपने मंत्रियों को कार्यक्रमों में भेजना चाहते हैं। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की यह लड़ाई केंद्र सरकार से है, मगर राज्य सरकार खुद इसमें कूद कर प्रदेश का माहौल खराब करवाना चाह रही है। इस मौके पर संदीप सरपंच और जगजीत हुड्डा भी उपस्थित रहे।
किसानों के विरोध से निपटने को पुलिस प्रशासन भी तैयार : एसपी
26 जनवरी को किसान विरोध करते हैं तो इससे निपटने को पुलिस प्रशासन भी तैयारी कर रहा है। किसी प्रकार का उपद्रव न हो ऐसी व्यवस्था की जा रही है। वहीं एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि जिला पुलिस हर प्रकार की विषम स्थिति से निपटने को तैयार है। किसी भी सूरत में लोगों को कानून अपने हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। कानून व्यवस्था की स्थिति को खराब करने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।