रेवाड़ी में जीती भाजपा प्रत्याशी, सांपला में हारी
रेवाड़ी नगर परिषद में प्रधान पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पूनम यादव ने निर्दलीय उपमा यादव को 2086 वोट से मात दी। रेवाड़ी में 31 वार्ड के चुनाव में भाजपा को सात में जीत मिली है। वहीं 24 सीट निर्दलीयों के खाते में आई।
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला किलोई के एकमात्र कस्बे सांपला के नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को करारी हार मिली है। निर्दलीय प्रत्याशी पूजा को कुल 6428 वोट मिले वहीं भाजपा प्रत्याशी सोनू वाल्मीकि को 2468 वोट मिले। सांपला में 15 वार्ड पर चुनाव हुए। सभी में निर्दलीय जीते।
उकलाना नगरपालिका चुनाव में 13 वार्ड में सभी निर्दलीयों को जीत मिली। चेयरमैन पद पर निर्दलीय प्रत्याशी सुशील साहू 419 वोटों से जीते। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी जजपा के महेंद्र को हराया।
धारूहेड़ा नगर पालिका में प्रधान पद पर निर्दलीय प्रत्याशी कंवर सिंह ने जीत दर्ज की है। कंवर सिंह को 3048 वोट मिले हैं। कंवर सिंह धारूहेड़ा के पूर्व सरपंच भी रहे हैं। दूसरे नंबर पर संदीप बोहरा रहे हैं। बोहरा को 2416 वोट मिले हैं। वहीं तीसरे नंबर पर बाबूलाल लांबा रहे हैं जिनको 2280 वोट मिले हैं। सिरसा के वार्ड 29 के उपचुनाव में हलोपा प्रत्याशी 422 से जीती। धारूहेड़ा में 17 पार्षद पद के लिए हुए चुनाव में सभी निर्दलीय जीते।