रोहतक। देश में एक विचारधारा एक सोच को लेकर प्रधानमंत्री व उनकी टीम काम कर रही है। आगे बढ़ रही है। हम राज कर रहे हैं, ऐसा नहीं है। सरकार विजन के साथ काम कर रही है। हमारे पास देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक का विजन व योजना तैयार है। विपक्ष के रटे रटाए वाक्य होते हैं। वे उन्हें बोलने होते हैं। यह कहना है मुख्यमंत्री मनोहर लाल का। वे मंगलवार को पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज में राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने प्रदर्शनी के विजेताओं को सम्मानित किया। राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में ओवरऑल ट्रॉफी फरीदाबाद के नाम रही।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस दिशाहीन, भ्रमित पार्टी है। बजट अच्छा आएगा। अंत्योदय आधारित हमारी योजनाओं के अनुसार बजट दिया जाएगा। मजदूर, किसान, दुकानदार या एक सीमा से नीचे जीवन यापन करने वाला हर व्यक्ति हमारी प्राथमिकता है। इसी अनुसार बजट रहेगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों से सभी को आकर्षित व अचंभित किया है। पर्यावरण, ऊर्जा, लाई-फाई, कोविड, स्वच्छता, आदर्श नगर, आधुनिक कृत्रिम अंग सरीखे मॉडल सराहनीय हैं। इनका अवलोकन कर नई जानकारी ही नहीं मिली, बल्कि युवा पीढ़ी की सोच भी सामने आई है।
ये रहे विज्ञान प्रदर्शनी के विजेता
विज्ञान प्रदर्शनी में राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद को ओवरऑल ट्रॉफी मिली। विज्ञान प्रदर्शनी में बॉटनी, केमिस्ट्री, ज्योग्राफी, फिजिक्स, साइकॉलोजी व जूलॉजी विभाग ने हिस्सा लिया। बॉटनी की प्रदर्शनी में करनाल का पंडित चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय प्रथम, सोनीपत का जीवीएम कन्या महाविद्यालय द्वितीय व पलवल का जीजीडीएसडी महाविद्यालय तृतीय रहा। केमिस्ट्री की प्रदर्शनी में यमुनानगर के छछरौली का राजकीय महाविद्यालय प्रथम, सिरसा का राजकीय नेशनल महाविद्यालय द्वितीय व गुरुग्राम सेक्टर 14 का राजकीय महाविद्यालय तृतीय रहा। कम्प्यूटर विज्ञान प्रदर्शनी में बहादुरगढ़ का राजकीय महाविद्यालय प्रथम, अंबाला कैंट का राजकीय स्नातकोतर महाविद्यालय द्वितीय व अटेली का राजकीय महाविद्यालय तृतीय रहा। ज्योग्राफी की प्रदर्शनी में तोशाम का चौ. बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय प्रथम, जींद का राजकीय महाविद्यालय द्वितीय व सोनीपत के मुरथल का ताऊ देवी लाल राजकीय महिला महाविद्यालय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। फिजिक्स की प्रदर्शनी में करनाल स्थित दयाल सिंह महाविद्यालय प्रथम, गुरुग्राम का द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय द्वितीय व यमुनानगर के छाछरौली का राजकीय महाविद्यालय तृतीय रहा। साइकोलॉजी की प्रदर्शनी में वल्लभगढ़ का सुषमा स्वराज राजकीय कन्या महाविद्यालय प्रथम, जींद का राजकीय महाविद्यालय द्वितीय व अंबाला कैंट का राजकीय स्नातकोतर महाविद्यालय तृतीय रहा। जूलॉजी की प्रदर्शनी में फरीदाबाद का राजकीय महाविद्यालय प्रथम, सोनीपत का हिंदू कन्या महाविद्यालय द्वितीय व भिवानी का एमएनएस राजकीय महाविद्यालय तृतीय रहा।
सीएम ने शहरवासियों को दी 17 करोड़ रुपये की सौगात
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को नेकीराम महाविद्यालय में सेक्टर 21 के सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन व हिसार रोड और पुराना सब्जी मंडी रोड पर दुकानों के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास कर शहरवासियों को करोड़ों रुपये की सौगात दी। सेक्टर-21 में 13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित महाराजा अग्रसेन सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन किया। सामुदायिक केंद्र के भवन का कुल क्षेत्र 86 हजार 675 वर्ग फुट है। इसमें से 23500 वर्ग फुट कवर्ड क्षेत्र है। इस भवन में 1500 से अधिक व्यक्तियों के लिए मुख्य व अन्य हॉल बनाए गए हैं। भवन में एक सौ किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट लगाया गया है। एसटीपी का निर्माण किया गया है। पेयजल के लिए आरओ सिस्टम, रसोई घर, 400 किलोवाट का डीजी सैट लगाया गया है। भवन के प्रवेश पर दस नोजल फव्वारे, वाहन पार्किंग, चिकित्सक कक्ष एवं पुस्तकालय हॉल भी बनाया गया है। भवन में तापमान नियंत्रण के लिए हीटिंग वेंटीलेशन एवं वातानुकूलन सिस्टम भी लगाया गया है। हिसार रोड एवं पुराना सब्जी मंडी रोड पर दुकानों के पुनर्निर्माण का शिलान्यास किया। इस विकास कार्य पर लगभग 4 करोड़ रुपये की राशि से सड़क को चौड़ा किया जाएगा व दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इस विकास कार्य के तहत 107 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। यहां 47 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे।