महम। कस्बे के व्यापारी पवन उर्फ पोनी से रंगदारी मांगने वाले ने बुधवार को दोपहर बाद 3:30 बजे व 5:30 बजे व्हाट्सएप पर फोन कर फिर से रंगदारी मांगी है। 30 अगस्त के बाद दोबारा फोन आने से शहर के व्यापारियों में खौफ बढ़ गया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत फिर से पुलिस से की है।
रोहतक रोड पर जामा मस्जिद के पास बांके बिहारी मशीनरी स्टोर के नाम से स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाने वाले पवन का आरोप है कि इससे पहले 30 अगस्त को उससे 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। फोन करने वाले ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा था कि एक सप्ताह बाद उसे बताया जाएगा कि रुपये कहां भिजवाने हैं। बुधवार को फोन करने वाले ने रुपये का इंतजाम के बारे में पूछताछ की। रंगदारी मांगने वाले की दो बार एक ही नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने व्यापारी से पूछा कि कितने रुपये तक का इंतजाम कर सकते हो? दुकानदार ने गरीब आदमी होने का हवाला दिया। इस पर फोन करने वाले ने कहा कि उसके पास सिर्फ दो दिन का समय है। इसके बाद फोन कट गया। वहीं रंगदारी मांगने की सूचना मिलने के बाद डीएसपी महेश कुमार व थाना प्रभारी शमशेर सिंह मौके पर पहुंचे तथा व्यापारी से पूछताछ की।