संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में हरियाणा विज्ञान मंच की ओर से तीन दिवसीय कार्यशाला की गई। इसमें कर्नाटक से फेडरेशन ऑफ इंडियन रेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. नरेंद्र नायक मुख्य वक्ता रहे। चमत्कारों के पर्दाफाश पर हुई कार्यशाला में 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रो. नायक ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं से ही समाज से अंधविश्वास और पाखंड को दूर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आजकल चमत्कार दिखाकर सभी वर्गों का शोषण किया जा रहा है।
असाधारण बीमारियों के इलाज के नाम पर बिना प्रमाण की दवाइयां बेचकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। पहले साधारण चमत्कार दिखाए जाते थे लेकिन अब माइंड रीडिंग जैसी तकनीकों और सोशल मीडिया के जरिए अंधविश्वास फैलाया जा रहा है।
कार्यशाला में बिना चीर-फाड़ के ऑपरेशन, आंख पर पट्टी बांधकर पढ़ना, आग खाना, रस्सी काटकर जोड़ना, मूर्तियों से भस्म निकलना, भूत देखना और हिप्नोटिज्म जैसी कई ट्रिक्स का प्रदर्शन कर उनकी वैज्ञानिक व्याख्या की गई।
हरियाणा विज्ञान मंच के सतबीर नागल ने बताया कि भविष्य में प्रदेश के सभी जिलों में ऐसे शो के माध्यम से अंधविश्वास के खिलाफ मुहिम चलाई जाएगी। प्रमोद गौरी ने देश की चुनौतियों पर विचार रखे। कार्यक्रम में सचिव कृष्ण वत्स, डाॅ. रणबीर दहिया आदि मौजूद रहे।