रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में परीक्षा तंत्र सवालों के घेरे में नजर आ रहा है। नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लागू होने के बाद प्रबंधन परीक्षा तिथियों में बार-बार बदलाव कर रहा है। यही वजह है कि 9 से 26 दिसंबर के बीच महज तीन दिन में 67 परीक्षाओं की तिथियों में परिवर्तन किया गया है। यही नहीं संस्कृत की परीक्षा पहले 24 दिसबंर को होनी थी। पहले 2 जनवरी को तय हुई, अब 13 जनवरी को होगी।
विवि की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 9 व 19 दिसंबर को 31-31 विषयों और 26 दिसंबर को पांच विषयों की परीक्षा तिथियां बदली गईं। छात्रों का आरोप है कि विवि प्रशासन सिर्फ वेबसाइट पर अपडेट डालकर जिम्मेदारी पूरी कर रहा है। न ईमेल से सूचना भेजी जा रहीं और न ही एसएमएस। इससे विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यही नहीं, कई विद्यार्थी दूसरे जिलों से लंबी दूरी नाप कर सेंटर पर परीक्षा देने तक पहुंच जाते हैं।
बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मनीषा ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए बताया कि उनके संस्कृत और जियोलॉजी के दो पेपर स्थगित हो चुके हैं। शनिवार को जींद से रोहतक पहुंचने पर परीक्षा नहीं होने का पता लगा। इस कारण बगैर परीक्षा ही लौटना पड़ रहा है। परीक्षा की तैयारी की थी। अब पता नहीं परीक्षा कब होगी। तब तक तैयारी जारी रखनी होगी।
बीसीए की छात्रा तन्नू ने बताया कि उनके तीन पेपर स्थगित हो चुके हैं। रोज-रोज वेबसाइट चेक करना संभव नहीं है। न ही हर छात्र हर ग्रुप के मैसेज पर ध्यान दे पाता है। विवि प्रशासन केवल वेबसाइट पर ही अपडेट डालकर निश्चिंत हो जाता है। संवाद
परीक्षा की तिथियों में हुआ बदलाव
1. वेब डेवलपमेंट-29 दिसंबर को होनी थी, 5 जनवरी को होगी।
2. बायो स्टेटिस्टिक्स-29 दिसंबर को होनी थी, 2 जनवरी को होगी।
3. इंट्रोडक्शन टू स्टेटिस्टिक्स-नहीं हुई, 8 जनवरी को होगी
4. संस्कृत-24 दिसबंर को होनी थी। पहले 2 जनवरी को तारीख बदली, अब 13 को होगी।
5. पर्यावरण शिक्षा-21 दिसंबर को को होनी थी। पेपर की आईडी 27071 को 34125 में बदला गया।
कुछ पेपर सीएसआईआर-नेट, कुछ री-अपीयर परीक्षाओं और कुछ अन्य परीक्षाओं से मैच कर रहे हैं। छात्रों की सुविधा और परीक्षा व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए यह बदलाव किए गए हैं।
- राहुल ऋषि, परीक्षा नियंत्रक, एमडीयू रोहतक