विरोध के चलते निंदाना से बैरंग लौटा बिजली निगम का भारी भरकम अमला
- फोटो : amar ujala
बिजली मीटर घरों के बाहर लगाने की योजना खुद सीएम मनोहर लाल खट्टर के पैतृक गांव निंदाना में ही सिरे नहीं चढ़ पा रही है। बिजली निगम के आला अधिकारी मंगलवार को भारी भरकम अमले और पुलिस बल के साथ निंदाना गांव में मीटर बाहर लगाने पहुंचे थे। लेकिन महिलाओं ने पूरी टीम को उल्टे पैर दौड़ा दिया। ग्रामीणों ने बिजली मीटर घर के बाहर लगवाने से मना कर दिया और पुलिस ने विरोध के चलते कोई जोखिम नहीं उठाया। नतीजतन स्थानीय आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके की नजाकत देख लौट आए।
ग्रामीण अंचल में 24 घंटे बिजली देने की म्हारा गाम, जगमग गाम योजना के तहत ही बिजली निगम अधिकारी मंगलवार दोपहर को सांसद आदर्श गांव निंदाना में पुलिस बल सहित पहुंचे। निगम कर्मियों ने गांव में मेन रोड पर ही अस्पताल के पास योजना के तहत ग्रामीणों को बिजली के मीटर घर के बाहर लगवाने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों ने योजना का खुला विरोध कर दिया। महिलाओं ने दो टूक कह दिया कि वे मीटर घरों से बाहर नहीं लगने देंगी। ग्रामीणों के रवैये को देखते हुए कर्मचारी पीछे हट गए। सूचना मिलते ही एसडीएम प्रदीप अहलावत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की, लेकिन ग्रामीण अड़े रहे। एसडीओ सचिन दहिया ने बताया कि निगम की गांव में बिजली मीटर घरों के बाहर लगाकर बिजली सप्लाई बेहतर करने की योजना है। लेकिन ग्रामीण साथ नहीं दे रहे। उन्होंने बताया कि योजना को सिरे चढ़ाने के लिए ग्रामीणों से दोबारा संपर्क किया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार राकेश मलिक, डीएसपी व एसएचओ गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।