रोहतक। आईएमटी चौक पर चल रहे पिंक धरने में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। गांव खेड़ी साध निवासी रामबीर (55) रात को धरने पर ही सोए थे, सुबह लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा तो पीजीआई ले गए, जहां डॉक्टरों ने रामबीर को मृत घोषित कर दिया। गांववासी उनका शव पहले धरनास्थल पर लाए फिर गांव में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रामबीर करीब नौ माह से धरने पर काफी सक्रिय थे और नियमित रूप से यहीं रहते थे, रात को भी धरनास्थल पर ही सोते थे। धरने पर आने वाले लोगों को चाय पिलाने की जिम्मेदारी उनकी थी। रामबीर की तीन बेटियां और एक बेटा है। कुछ ही दिन पहले उनके बेटे की शादी हुई थी, लेकिन किसान आंदोलन के कारण वह बेटे की शादी में भी ज्यादा सक्रिय नहीं रहे। उन्होंने शादी में नाममात्र समय ही बिताया। विवाह कार्यक्रम संपन्न होते ही फिर धरने पर लौट आए।
किसानों ने कहा कि रामबीर बहुत गरीब था, उनके परिवार के पालन-पोषण के लिए सभी को मदद करनी चाहिए। उन्होंने रामबीर के परिवार के लिए मुआवजे की भी मांग की है। इससे पहले मकड़ौली धरने पर भी एक किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी।