संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। निगाना गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग दंपती के साथ घर में घुसकर मारपीट करने और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के बाद बुजुर्ग को घसीटकर तालाब में फेंकने का प्रयास किया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
निगाना गांव निवासी सावित्री की शिकायत पर कलानौर थाना पुलिस ने बुधवार को तीन महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सावित्री ने बताया कि रविवार शाम को सत्यनारायण, सुशीला, लक्ष्मी, सोमबीर और राजेश उनके घर में घुस आए।
आरोपियों ने उनके पति श्रीभगवान को घर से बाहर घसीट लिया और डंडों, ईंटों तथा लात-घूंसों से मारा। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उन्हें तालाब में फेंकने का भी प्रयास किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पति की जेब से 50 हजार रुपये भी निकाल लिए। साथ ही उनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना में घायल दंपती को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलानौर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सामान्य अस्पताल रोहतक रेफर कर दिया गया। मेडिकल जांच में श्रीभगवान के शरीर पर सात और सावित्री के शरीर पर छह चोटों के निशान पाए गए हैं।
वर्जन
शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -सतपाल, थाना प्रभारी, कलानौर।
52-निगाना गांव में सीसीटीवी में कैद घर के अंदर घुसकर हमला करती महिलाएं। स्रोत : वीडियो ग्रैब