- रामलीला मैदान में लगाए रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। दशहरा पर्व को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है और पुराना आईटीआई मैदान में लगने वाले दशहरा मेले की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। श्री रामलीला उत्सव कमेटी के प्रधान सुभाष तायल ने बताया कि वीरवार शाम 6:30 बजे रावण के 75 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा जो शहर में सबसे अधिक ऊंचा है। कुंभकर्ण (65 फीट), मेघनाद (60 फीट) के पुतले भी दहन के लिए तैयार हैं।
दशहरा पर्व इस बार शहर में रामलीला स्थलों के अलावा काॅलोनियों में भी 30 से अधिक जगह रावण के पुतलों का दहन होगा। रामलीला मैदान में रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले बुधवार को कारीगरों ने दहन के लिए खड़ कर दिए हैं। पुतले बनाने वाले कारीगर राजू व संजय ने बताया कि तीन फीट से लेकर 60 फीट तक के रावण के पुतले बनाए गए हैं।
हनुमान स्वरूप होंगे आकर्षण, 41 दिन से व्रत का कर रहे पालन
यहां श्रीराम की सेना में शामिल हनुमान के 25 स्वरूप मुख्य आकर्षण होंगे। दोपहर 2 बजे पुरी धाम से श्रीराम की विजय यात्रा आरंभ होगी। महामंडलेश्वर स्वामी कर्णपुरी महाराज ने बताया कि स्वामी कमलपुरी महाराजा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। हनुमान के स्वरूपों में 12 से लेकर 35 साल तक के कलाकार शामिल होंगे। ये कलाकार 41 दिन से व्रत नियमों का पालन कर रहे हैं।
-
लोकल रामलीला में 70 फीट का बनाया गया रावण का पुतला
श्री प्राचीन रामलीला सोसाइटी लोकल के मैदान में रावण का 70 और कुंभकर्ण व मेघनाद के 50-50 फीट के पुतलों का दहन शाम 5 बजे होगा। सोसाइटी के प्रधान मोहन लाल ने बताया कि पुतले लगा दिए गए हैं।
गौकर्ण तालाब परिसर में मनाया जाएगा दशहरा पर्व
श्री सनातन धर्म पंजाबी रामलीला क्लब की ओर से गौकर्ण तालाब परिसर में दशहरा पर्व मनाया जाएगा। यहां पर रावण का 65 फीट, कुंभकर्ण का 60 फीट जबकि मेघनाद का 58 फीट का पुतला दहन शाम 5:30 बजे होगा।