एमडीयू में खेड़ी साध के छात्र पर दो साल पहले हुए झगड़े की रंजिश के चलते फायरिंग हुई है। पीड़ित ने पुलिस को दिए बयानों में ये आरोप लगाए हैं। पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, खेड़ी साध निवासी विक्की ने दी शिकायत में बताया कि सोमवार को वह एमडीयू में अपने दोस्त हितेष के साथ चाय पीने के लिए आया था। हट के पास बैठकर चाय पीने के बाद हितेश गाड़ी में बैठ गया, जबकि वह मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए चलने लगा। तभी अंशुल, रोबिन, लव मलिक, राहुल सहरावत व अन्य युवक आए और उसके ऊपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। उसने डर के मारे लड़कों के हॉस्टल में छुपकर जान बचाई। आरोपी स्कॉर्पियो व थार गाड़ी में सवार होकर आए थे। मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि दो साल पहले प्रदीप मोटा व अंशुल के साथ कहासुनी हुई थी, जिसमें बाद में सुलह हो गई थी। उसी रंजिश के कारण फायरिंग की गई है। पीजीआई थाना प्रभारी महेश कुमार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहे हैं। अभी कामयाबी नहीं मिली है।