रोहतक। सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र ने कहा कि किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने से डरना नहीं चाहिए। यह सर्वाइकल कैंसर से बचाव करती है। ज्यादा से ज्यादा किशोरियों को वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आना चाहिए। वे अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार को आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्त छात्राओं को जागरूक कर रहे थे।
मॉडल टाउन पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रमेश चंद्र ने कहा कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) के कारण होने वाले सर्वाइकल (बच्चेदानी के मुंह) कैंसर से बचाव का प्रभावी टीका है। प्रदेश में यह 14 वर्ष की किशोरियों को निशुल्क लगाया जा रहा है।
वैक्सीनेशन की नोडल अधिकारी डॉ. प्रतिभा खत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अभिभावकों को किशोरियों का टीकाकरण करवाना चाहिए। कहा, जागरुकता के अभाव से किशोरियां टीका लगवाने से पीछे हट रही हैं। यूविन पोर्टल से किशोरियां ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले सकती हैं। कार्यक्रम में यूविन से वीसीए जगमोहन, मैनेजर राहुल व हिमांशु मौजूद रहे।
-
वैक्सीनेशन की नोडल अधिकारी डॉ. प्रतिभा खत्री से सवाल-जवाब :
सवाल : छात्रा सोनिया ने पूछा कि एचपीवी वैक्सीन कब और कहां लगवा सकते हैं?
14 वर्ष की किशोरियों के लिए निशुल्क वैक्सीन प्रत्येक कार्य दिवस पर पीजीआई व नागरिक अस्पताल में लगवा सकते हैं।
सवाल : छात्रा पूजा ने पूछा कि वैक्सीन का कोई नकारात्मक प्रभाव तो नहीं है?
वैक्सीन लगवाने का कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं है। हालांकि, गिनी-चुनी किशोरियों को टीका लगवाने वाले स्थान पर हल्का दर्द होता है। यह 24 घंटे के अंदर ही खत्म हो जाता है।
-
एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए किशोरियों और अभिभावकों के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही, मॉडल टाउन की छात्राओं को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
- ममता शर्मा, स्त्री शक्ति संगठन
-
एचपीवी वैक्सीन के लिए विद्यालय की छात्राओं को जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की मुहिम के लिए विद्यालय स्टाफ पूरा योगदान देंगे। विद्यालय प्रबंधन व छात्राएं, अभिभावकों को मनाकर टीकाकरण के लिए आगे आएं।
- पूनम, गणित प्राध्यापिका
-
एचपीवी वैक्सीनेशन जागरूकता कार्यक्रम को विद्यालय की छात्राएं वास्तव में समझेंगी। प्रत्येक छात्रा भी अन्य किशोरियों व अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करें।
- समा, साइंस अध्यापिका