नॉवेल कोरोना वायरस वुहान स्टेन कोविड-19 के संक्रमण के चलते विश्वभर में मास्क की डिमांड बढ़ गई है। हर व्यक्ति सड़क पर मास्क पहन कर घूमता नजर आ रहा है। वहीं कुछ लोग यूज किए गए मास्क को खुले में सड़कों पर फेंक रहे हैं। मास्क एक सामान्य कपड़ा नहीं होता, यह बायोमेडिकल वेस्ट होता है। यदि सही प्रकार से इसका निस्तारण न किया जाए तो यह वातावरण में संक्रमण फैला सकता है। हम पहले ही कोविड-19 के संक्रमण से जंग लड़ रहे हैं, ऐसे में कोई नई समस्या खड़ी न हो इसके लिए मेडिकल गाइड लाइन के हिसाब से ही इनका निस्तारण किया जाना जरूरी चाहिए।
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के स्वामी दयानंद पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिक्ल साइंसेज के प्रिंसिपल डॉ. गजेंद्र के अनुसार वर्तमान समय के संक्रमण काल में बचाव के लिए मास्क पहनना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी इसका निस्तारण भी हैं। क्योंकि मास्क पर माइक्रो आर्गेनिज्म, वायरस आदि चिपके होते हैं। हम मास्क पहन कर जहां-जहां जा रहे होते हैं, वहां के वायरस, बैक्टीरिया इस पर चिपक जाते हैं, जोकि हमें दिखाई नहीं देते। यदि हम इन्हें कहीं भी फेंकते हैं तो यह हमारे लिए ही खतरनाक हो सकते हैं। यही वजह है कि बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण अलग तरीके से किया जाता है। इस समय सभी मास्क पहन रहे हैं और बांट भी रहे हैं, लेकिन इसका निस्तारण कैसे करना है अधिकांश लोगों को नहीं पता। इसके लिए मेडिकल लाइन से जुड़े लोगों का प्रशिक्षण होता है और समय-समय पर प्रशिक्षित भी किया जाता है।
मास्क का ऐसे करें निस्तारण
बायोमेडिकल वेस्ट को जलाया जा सकता है या जमीन में दबाया जा सकता है। आमजन के पास मास्क जलाने के पर्याप्त साधन नहीं होते। इसलिए वह इन्हें एक जगह एकत्रित कर इन्हें जमीन में दबा दें। यह भी ध्यान दें कि यह जमीन में इतना नीचे दबाएं कि कोई जानवर इन्हें खोद कर निकाल न सके।
पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होती है, लेकिन मास्क से होती है परेशानी
मास्क के पशुओं द्वारा खाए जाने पर एक्सपर्ट ने बताया कि पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होती है, इसलिए वायरस, बैक्टीरिया से अधिक नुकसान होने की संभावना नहीं है। क्योंकि वह सीधा निगलते हैं और पेट में जाकर एसिड से ये चीजें मर जाती हैं। लेकिन उनके पेट में जो मास्क जाता है, वह उन्हें नुकसान पहुंचाता है, यह जानलेवा हो सकता है।
सुभाष चौक के पास कचारे में पडे मास्क । संवाद- फोटो : RohtakCity
सुभाष चौक के पास सड़क के किनारे पड़ा मास्क। अमर उजाला- फोटो : RohtakCity