korona ko lekar nichle star par cometiyan gathit karne ko lekar baithak karte dc rs verma
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। कोरोना की मॉनिटरिंग को लेकर जिला प्रशासन ने माइक्रो लेवल पर 1087 कमेटियां गठित की हैं, जो कोरोना के संदिग्ध मरीजों से लेकर पिछले समय के दौरान विदेश से आने वालों की पहचान करेंगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगी, उनके क्षेत्र के हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जा सके।
डीसी आरएस वर्मा ने बताया कि माइक्रो लेवल पर मॉनिटरिंग के लिए कमेटियां बनाई गई हैं। शहरों में 250 घरों का एक क्लस्टर बनाया गया है, हर कमेटी एक-एक क्लस्टर की निगरानी करेगी। एक कमेटी करीब एक हजार की आबादी को कवर करेगी। कमेटी में आशा वर्कर और आंगनबाड़ी वर्कर, इलाके का एक समाजसेवी को शामिल किया गया है। इसी तरह गांव को एक सेक्टर बनाया गया है, उसकी निगरानी के लिए गठित कमेटी में ग्राम सचिव, पटवारी और समाजसेवी को जोड़ा है।
नगर निगम को बांटा छह जोन में
जोन स्तर की कमेटी बनाई गई है। हर ब्लॉक और नगर पालिकाओं के एरिया को एक जोन में शामिल किया गया है। नगर निगम क्षेत्र को छह जोन में बांटा गया है। जिसमें कुल 21 सेक्टर होंगे। अब तक 1087 कमेटियां गठित की जा चुकी हैं। निचले स्तर की कमेटियां नियमित रूप से घर-घर जाकर सत्यापन करेंगी। यह देखेंगी कि किसी घर में कोरोना का कोई संदिग्ध मरीज तो नहीं है या फिर पिछले कुछ माह के दौरान कोई विदेश से तो नहीं आया है। ऐसा कुछ भी मिलने पर सीधे प्रशासन को रिपोर्ट करेंगी। इन्हें दो और जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। ये कमेटियां यह भी सुनिश्चित करेंगी कि उनके क्षेत्र में लॉकडाउन के कारण फंसे जरूरतमंद लोगों को भोजन मिल रहा है या नहीं।
कोरोना को लेकर निचले स्तर पर मॉनिटरिंग को कमेटियां बनाई गई हैं, जो 200-250 घरों की निगरानी करेंगी। गांवों, ब्लॉक और नगर पालिका क्षेत्र को जोनों में बांटा गया है। नगर निगम क्षेत्र को छह जोन में बांटा गया है।
- आरएस वर्मा, डीसी, रोहतक