संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा के आह्वान पर 2 जुलाई को रोहतक, भिवानी, दादरी व झज्जर डिपो के कर्मचारी परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन देने मंडल आयुक्त आवास पहुंचे। वहां कोई अधिकारी न मिलने पर रोषित कर्मचारी धरने पर बैठ गए।
ऑफिसर कॉलोनी स्थित मंडल आयुक्त और कैंप कार्यालय पर ज्ञापन लेने न आने पर कर्मचारियों ने आवास के बाहर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गेट के आगे धरना दिया। गुस्साए रोडवेजकर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर कोई अधिकारी ज्ञापन नहीं लेने आता है तो वापस डिपो में जाकर गेटों के आगे बैठकर प्रदर्शन किया जाएगा।
आधे घंटे के बाद सीटीएम शुभम कुमार सूचना मिलने पर मौके पहुंचे और कर्मचारियों का ज्ञापन स्वीकार किया। साझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य निशान सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति और भर्ती न होने से चालक, परिचालक, मैकेनिक, हेल्पर व सफाई कर्मचारियों की भारी कमी है। इससे बसों के संचालन में परेशानी हो रही है और जनता सरकारी परिवहन से वंचित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनसंख्या के हिसाब से बसें नहीं खरीद रही बल्कि 62 रुपये प्रति किमी की दर से महंगी इलेक्ट्रिक बसें ठेके पर ले रही हैं। इन बसों पर नियमों के विरुद्ध सरकारी स्टाफ लगाया जा रहा है, फिर भी आय कम है और जनता को फ्री व रियायती सुविधा नहीं मिल रही।
सदस्य जगदीप लाठर ने कहा कि नई बसें बिना स्टाफ के वर्कशॉप की शोभा बढ़ा रही हैं। चेतावनी दी कि यदि सरकार नहीं जागी तो 25 जुलाई को कर्मचारी अंबाला छावनी में परिवहन मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव किया जाना रोडवेज साझा मोर्चा की ओर से तय है।
इस दौरान साझा मोर्चा सदस्य दिनेश हुड्डा, संजीव, अशोक खोखर, वीरेंद्र, जयबीर, सुमेश कुंडू, सुरेश नेहरा, जोगिंदर ढुल, संदीप सिंघवा, जोगिंदर मलिक, मंजीत दलाल, मंजीत कारोर सहित रोडवेज के अलग-अलग संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।