रोहतक। एमडीयू प्रशासन ने होली पर्व के मद्देनजर विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन, सुरक्षा एवं शैक्षणिक वातावरण को बनाए रखने के लिए सख्त और तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने वाले निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश कुलपति की स्वीकृति से प्रॉक्टर प्रोफेसर रणदीप राणा ने जारी किए गए हैं।
परिसर के भीतर किसी भी प्रकार के अनुशासनहीन आचरण, अनधिकृत होली उत्सव, रंग, पानी, म्यूजिक सिस्टम, लाउडस्पीकर, वॉटर गन और भीड़ एकत्र करने की अनुमति नहीं होगी। इन निर्देशों के उल्लंघन पर संबंधित के विरुद्ध विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय के सभी कैंटीन, फूड आउटलेट्स एवं कियोस्क में रंग, पानी के गुब्बारे अथवा किसी भी प्रकार की उत्सव सामग्री की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
सीसीटीवी निगरानी, गश्त, बैरिकेडिंग, नो-पार्किंग जोन और नियमों के उल्लंघन में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती जैसे कदम लागू किए गए हैं। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क निदेशालय की ओर से जन-जागरूकता अभियान भी तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया गया है।
इसके तहत आधिकारिक नोटिस, सोशल मीडिया संदेश और मीडिया विज्ञप्तियों के माध्यम से छात्रों एवं आमजन को सूचना दी जा रही है कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवाद