सांपला। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कस्बे में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। इससे बीमारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। नगर पालिका कुछ कर्मचारियों की सहायता से सफाई करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार पिछले दो दिन से नगर पालिका के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं। इसकी वजह से कस्बे में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार के मेन चौक पर तो एक मरा हुआ कुत्ता पड़ा है, इससे बदबू उठ रही है । बाजार में भीड़ होने की वजह से लोगों को उठ रही बदबू की वजह से परेशानी उठानी पड़ी। लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों को सूचना दी गई तब उन्हें उठाया गया। कस्बे के मेन चौक के अलावा मंडी रोड ,खरखोदा रोड, मार्केट कमेटी मार्ग व अन्य वार्ड में गंदगी फैली हुई है। कस्बा निवासी राजेश कुमार, मनोज कुमार, सुरेंद्र ,सतीश ,परवीन आदि का कहना है कि लोग कस्बे की सफाई व्यवस्था के नाम पर नगर पालिका को टैक्स दे रहे हैं, लेकिन उन्हें इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा। कस्बे की ठीक से सफाई नहीं होती।वहीं नगरपालिका अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं। कुछ प्राइवेट कर्मचारी लगाकर कस्बे में कचरा उठाया गया है।