13jjrp20- साल्हावास। खोरड़ा मोड़ पर टूटा पड़ा दिशा संकेतक। संवाद
साल्हावास। तेज आंधी में टूटे हुए दिशा संकेतक हादसों को दावत दे रहे हैं। बहु-खोरडा मार्ग पर लगा दिशा संकेतक टूट कर नीचे गिर चुका है। इससे अनजान व्यक्ति को रास्ता पता करने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते ये ठीक नहीं हुआ है।
दिशा संकेतक जिस लोहे की रॉड पर लगा था, वह भी टूटकर गिर चुका है। बहु-खोरडा मार्ग सबसे व्यस्त मार्ग होने के कारण गाड़ियों का आवागमन लगा रहता है। ऐसे में टूटा हुआ दिशा संकेतक सफेद हाथी बनकर रह गया है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इन टूटे हुए दिशा संकेतक को लेकर तमाम शिकायतों के बावजूद भी संबंधित अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं करते। बार-बार शिकायत के बावजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर कोई प्रभाव नहीं है। बहु-खोरडा मार्ग पर बने चौराहे पर लगे दिशा संकेतक के टूटने पर वाहन चालक दिशा भ्रमित हो रहे हैं। वाहन चालकों को चौराहे पर आते ही वाहन रोककर दुकानदारों से रास्ता पूछना पड़ रहा है।
चौराहे से एक रास्ता झज्जर की तरफ जा रहा है तो दूसरा रास्ता कनीना की तरफ जाता है। वहीं, एक रास्ता गांव झोलरी में जाता है। दूसरी तरफ खोरड़ा-चरखी दादरी मार्ग है। जहां पहुंचते ही लोग असमंजस में पड़ जाते हैं और गाड़ियां रोक कर दुकानदारों से रास्ता पूछते हैं।
वर्जन
यह मामला उनके संज्ञान में है। टूटे हुए दिशा संकेतक को जल्द से जल्द दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
- आशीष मोर, कनिष्ठ अभियंता, पीडब्ल्यू बीएंडआर