आईसी कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर सतबीर सिंह के तबादले को लेकर छात्राओं का गुस्सा दूसरे दिन भी शांत नहीं हुआ। ज्योग्राफी विभाग की छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार किया। फिर, दोपहर को कॉलेज के बाहर बैठकर धरना दिया और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस बीच दो शिक्षिकाएं छात्राओं को समझाने के लिए आई तो करीब आधे घंटे तक बहस चली। एक शिक्षिका ने तो यहां तक कह दिया कि धरने पर बैठने से कुछ नहीं होगा। तुम विधायक मनीष ग्रोवर के पास और चंडीगढ़ जाकर ये आदेश रद कराकर आओ। महिला और पुरुष पुलिस कर्मी वहीं तैनात रहे। छात्राओं ने प्रबंधन को चेतावनी दी कि जब तक प्रोफेसर वापस नहीं आ जाते, उनका ये धरना जारी रहेगा।
आईसी कॉलेज ज्योग्राफी डिपार्टमेंट के एसोसिएट प्रोफेसर सतबीर सिंह के ट्रांसफर को लेकर शहीद भगत सिंह युवा छात्र मोर्चा के नेतृत्व में छात्राओं ने धरना दिया। मोर्चा की इकाई प्रधान दिव्या कौशिक कौशिक ने कहा कि उनके प्रोफेसर को राजनीति का शिकार बनाया जा रहा है। ज्योग्राफी विभाग में 15-15 साल से प्रोफेसर बैठे हें, लेकिन प्रोफेसर सतबीर को सिर्फ 9 साल ही हुए है। छात्र ऋतु ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को बुलाने और पुलिस में केस दर्ज कराने की धमकी बार-बार दी जा रही है। वहीं, दो माह बाद परीक्षाएं शुरू होनी है। समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें मजबूरन आंदोलन को तेज करना होगा। इस अवसर पर रीना, जयंती, पूजा, प्रीति, लक्ष्मी, प्रज्योति, सुमन, मनीषा, रोमा, अंजू, कोमल, प्रियंका, सोनू मौजूद रहे। कॉलेज के बाहर टैंट लगाते देख शिक्षिकाओं ने पुलिस कर्मियों से कहा कि वे इसे न लगाने दें। फिर, छात्राओं ने कहा कि यह उनके भविष्य का सवाल है। प्लीज, इसमें उनका साथ दीजिए। वे कोई हंगामा नहीं कर रही है। इसके बाद टैंट लगाया गया।