माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। हसनगढ़ के ढाबा संचालक हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी मालोक गौतम उर्फ मगन उर्फ रॉकी के हाथरस जिले के गांव चांदनपुर से वारदात में प्रयुक्त चाकू व मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए मधुबन भेजा जाएगा। उधर, आरोपी रजत व अभिषेक को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। दोनों आरोपी के गांव चांदनपुर के ही रहने वाले हैं।
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक, हसनगढ़ गांव निवासी गुलाब सिंह यादव 28 दिसंबर को घर से ढाबे पर आ रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे रास्ते में किसी ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने ढाबा संचालक के किरायेदार यूपी के हाथरस के चांदनपुर गांव निवासी मालोक को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ था कि मालोक का ढाबा संचालक की बेटी खुशबू से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका पता मां रितु को भी था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन गुलाब सिंह इसमें बाधा बने हुए थे। ऐसे में मां-बेटे ने आरोपी मालोक के साथ मिलकर ढाबा संचालक की हत्या की साजिश रची। मालोक ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी। पुलिस खुशबू व उसकी मां रितु को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है जबकि मालोक छह दिन रिमांड पर है।
आरोपी मालोक उर्फ मगन उर्फ रॉकी से चाकू व उसका मोबाइल फोन बरामद हो गया है। फरार आरोपी रजत व अभिषेक को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए दबिश दे रहे हैं। अभी ढाबा संचालक का मोबाइल फोन बरामद होना बाकी है।
- एसआई अश्वनी अहलावत, प्रभारी स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ