13सीटीके51 कर्मचारियों को सुरक्षा किट बांटकर शपथ दिलाते अधिकारी। स्रोत : अधिकारी
रोहतक। शहर में अस्थल बोहर स्थित बोहर माजरा में सीवर की गैस चढ़ने से पिता और दो बेटों की मौत के बाद जनस्वास्थ्य विभाग की नींद खुली है। अब तक कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति बेपरवाह बने विभाग ने आनन-फानन कर्मचारियों को सुरक्षा किट बांट दी। अभियांत्रिकी मंडल नंबर-3 में बुधवार को किट मिलने के बाद सीवर सफाई कर्मचारियों के चेहरे भी खुश नजर आए। विभाग के पास ये किट करीब एक सप्ताह पहले आ गई थीं।
जनस्वास्थ्य विभाग के पास सीवर की सफाई के लिए करीब 260 एचकेआरएन कर्मचारी हैं। इन्हीं के भरोसे शहर के सीवर की सफाई होती है। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम विभाग के पास नहीं हैं। फिलहाल ही जनस्वास्थ्य विभाग ने इन कर्मचारियों के लिए किट बांटी हैं, जबकि रोजाना अनेक कर्मचारी बिना किट सीवर में सफाई करने उतरते हैं। एक सप्ताह पहले सेक्टर-14 में बिना किसी सुरक्षा के कर्मचारी सीवर की सफाई करते दिखाई दिए थे। सीवरेज में मौत अक्सर लापरवाही और सुरक्षा किट न होने के कारण होती है।
सीवरमैन इकाई सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान सुनील कुमार बताया कि सरकार की ओर से किट के बगैर सफाई करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। विभाग की ओर से कर्मचारियों के लिए किट पहुंची हैं, किसी को मिल चुकी है, किसी को नहीं। विभाग के 95 एचकेआरएन (हरियाणा कौशल रोजगार वितरण निगम) कर्मचारी पीजीआई व 165 कर्मी शहर में सीवर की सफाई कर रहे हैं। साथ ही, ठेकेदार के अधीन काम करने वाले कर्मचारियों का कोई रिकाॅर्ड नहीं हैं और इनके पास कर्मचारियों के सुरक्षा के प्रबंध न के बराबर हैं।
देर आए दुरुस्त आए
बुधवार को सुरक्षा किट बांटते हुए विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई है कि बिना किसी सुरक्षा किट के सीवर की सफाई नहीं करेंगे और सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे।