रोहतक। निजी फाइनेंस कंपनी की मैनेजर का गुम हुआ मोबाइल फोन लौटने की एवज में एक युवक 2 लाख रुपये मांग रहा है। इसके लिए व्हाट्सएप से संदेश भेजकर दबाव बना रहा है। मैनेजर ने अर्बन एस्टेट थाने में अवैध वसूली का प्रयास करने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर चार की एक महिला ने बताया कि डी पार्क के नजदीक स्थित फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, उसका खुद का कार्यालय है। वह सात मार्च को कार्यालय से घर जा रही थी। रास्ते में सेक्टर 4 के रोड पर मोबाइल फोन गिर गया। युवक ने मोबाइल चालू करके उसके गुम हुए मोबाइल नंबर से उसके दूसरे मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज भेज रहा है। मैसेज में फोन लौटाने की एवज में 2 लाख रुपये की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर नंबर की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।