रोहतक। उत्तराखंड से ढाई किलो चरस लेकर आए झज्जर के दो युवकों को सांपला के पास छापा मारकर एंटी नारकोटिक्स सेल ने काबू किया है। उनके खिलाफ सांपला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स सेल के एएसआई धर्मबीर सिंह ने शिकायत दी कि गश्त के दौरान सेल की टीम सोनीपत-सांपला रोड पर भैंसरू गांव के नजदीक मौजूद थी। सूचना मिली कि झज्जर जिले के गांव दहकोरा निवासी राकेश व खरहर निवासी अमित उर्फ भिंडा नशीला पदार्थ लेने उत्तराखंड गए हुए हैं। वे सांपला रोड से होते हुए गांव में आएंगे। पुलिस ने दहकोरा रोड पर नाका लगाकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। इसी बीच सोनीपत रोड की तरफ से एक कार आकर रुकी। कार में एक युवक ड्राइवर सीट पर बैठा था, जबकि दूसरा आगे वाली सीट पर था। पूछताछ में एक युवक ने अपनी पहचान अमित उर्फ भिंडा व दूसरे ने राकेश के तौर पर की। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवकों की तलाशी ली तो थैले में 2 किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई। अब पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।