सुनारिया चौक पर बुधवार दोपहर एक श्रमिक का शव मिला है, जो बिहार के पटना जिले के गांव खासपुर का रहने वाला है। उसके शरीर पर चोट का निशान नहीं है। ऐसे में हर्ट अटैक से मौत की आशंका है। अब वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, तब मौके के कारणों का खुलासा होगा।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे सूचना मिली कि जनता कॉलोनी से आगे सुनारिया चौक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। शिवाजी कॉलोनी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। शरीर पर कहीं चोट का निशान नहीं मिला। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। उसकी शिनाख्त 35 वर्षीय किशोर के तौर पर हुई, जो बिहार के पटना जिले के गांव खासपुर का रहने वाला है। परिवार सहित गांधी कैंप में किराये पर रहता था। शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आशंका है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है। अब वीरवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।